दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सारथी मोहल्ला स्थित चंडी मंदिर रोड पर गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दो आरोपियों ने युवक देव चौधरी उर्फ धन्ना पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के चंद घंटों के भीतर सिटी कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे प्रार्थी जीत साहू अपने साथी रतन निर्मलकर उर्फ दादू और देव चौधरी उर्फ धन्ना के साथ मोटरसाइकिल से सलीम बिरयानी जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सारथी मोहल्ला में पोषण दुकान के आगे चंडी मंदिर रोड पर कोमल ढीमर और उसके साथी ने उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा।
विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने अपने पास रखे धारदार हथियार निकाल लिए और देव चौधरी उर्फ धन्ना पर हमला कर दिया। हमले में उसके सीने, पेट और दोनों पैरों की जांघों में गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को तत्काल ई-रिक्शा से जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच और आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कोमल ढीमर, उम्र 19 वर्ष, निवासी मठपारा, सारथी मोहल्ला, दुर्ग को घटना के चंद घंटों के भीतर पुलिस अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे के दो धारदार हथियार भी बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 296 और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलन सहित मामले की आगे की जांच जारी है।
-विवाद के बाद किया हमला
प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी सड़क पर मोटरसाइकिल से जा रहे युवकों को रोककर गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने धारदार हथियार से देव चौधरी पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
सिटी कोतवाली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप न दें। किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने या उनका उपयोग करने वालों की जानकारी पुलिस को देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.