-पुलगांव नाला डायवर्सन को लेकर कांग्रेस ने लगाया भाजपा पर तथ्य छिपाने और भ्रष्टाचार का आरोप
दुर्ग। पुलगांव नाला डायवर्सन परियोजना को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम के जल प्रभारी और महापौर पर भ्रामक जानकारी देने का आरोप लगाया है। नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले ने कहा कि जल प्रभारी द्वारा एक समाचार पत्र में यह बयान दिया गया कि पुलगांव नाला डायवर्सन में कांग्रेस शासनकाल के दौरान ₹3 करोड़ का नुकसान हुआ, जबकि यह दावा पूरी तरह तथ्यहीन है।
संजय कोहले ने कहा कि पुलगांव नाला डायवर्सन परियोजना की डीपीआर (DPR) पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर के कार्यकाल में तैयार की गई थी। परियोजना की निविदा (टेंडर) प्रक्रिया भी उसी कार्यकाल में पूरी हुई और निर्माण कार्य भी उसी समय प्रारंभ हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना की डीपीआर ही त्रुटिपूर्ण बनाई गई, जिसके कारण एनीकट की दीवार तो बना दी गई, लेकिन दोनों ओर आवश्यक पिचिंग नहीं की गई। इसके चलते इंटेक वेल में लगातार कचरा फंसने की समस्या उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने कहा कि अब पुलगांव नाला के समीप एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण किया जा रहा है और नाले का पानी एसटीपी तक ले जाने की योजना बनाई गई है। उनका आरोप है कि पुलगांव नाला डायवर्सन पर खर्च किए गए ₹3 करोड़ और अब एसटीपी पर होने वाले खर्च के बजाय यदि शिवनाथ नदी के बीच नया इंटेक वेल बनाया जाता तो शहर की जलापूर्ति संबंधी समस्या का स्थायी समाधान हो सकता था।
संजय कोहले ने यह भी कहा कि इस परियोजना के कारण पुष्प वाटिका की बहुमूल्य भूमि प्रभावित हो रही है। उनके अनुसार, यदि वैकल्पिक योजना अपनाई जाती तो उसी स्थान पर शिवनाथ मुक्तिधाम का विस्तार कर उसे एक बेहतर और सुविधाजनक मुक्तिधाम के रूप में विकसित किया जा सकता था।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि नगर निगम की भाजपा सरकार विकास कार्यों की बजाय धन की बर्बादी और भ्रष्टाचार में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि महापौर और जल प्रभारी कांग्रेस पर निराधार आरोप लगाने के बजाय अपने कार्यों की समीक्षा करें और नगर निगम में हो रहे कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाएं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.