होम / दुर्ग-भिलाई / जिला चैंबर कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, 9 माह के कार्यों की समीक्षा और नई कार्ययोजना पर मंथन
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, जिला दुर्ग की जिला कार्यकारिणी बैठक रविवार को पद्मनाभपुर स्थित तृप्ति रेस्टोरेंट में आयोजित हुई। बैठक में पिछले नौ महीनों में संगठन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी चार महीनों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान, युवा चैंबर के नए पदाधिकारियों की घोषणा और महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों को सदस्यता कार्ड एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। मंच पर संजय रुंगटा, अनूप गटागट, किशोर जैन, कुलदीप सिंह, डॉ. मानसी गुलाटी, नीतू श्रीवास्तव एवं प्रीति खरे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज अग्रवाल एवं संजय खंडेलवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन किशोर जैन ने किया। इस अवसर पर प्रदेश पदाधिकारी शिव चन्द्राकर, अशोक राठी, मेंहदी भाई, जवाहर जैन और दिनेश टावरी भी मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष अनूप गटागट ने कहा कि पिछले नौ महीनों में चैंबर ने व्यापारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है और सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, युवा एवं महिला विंग के सहयोग से भविष्य में भी व्यापारियों की आवाज को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने आगामी चार माह की कार्ययोजना को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
वरिष्ठ उद्योगपति संजय रुंगटा ने संगठन के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि अनुभव और युवा ऊर्जा का समन्वय ही किसी भी संगठन को मजबूत बनाता है। उन्होंने व्यापारी हितों के लिए समन्वय और अनुशासन के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में पिछले नौ महीनों के दौरान व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण, शासन-प्रशासन के समक्ष उठाए गए मुद्दों तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्यों एवं पूर्व पदाधिकारियों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मानित सदस्यों में संतोष रुंगटा, विजय अग्रवाल, महावीर अग्रवाल, राम खत्री, खेमा मध्यानी, बृजमोहन खंडेलवाल एवं विजय गजवानी शामिल रहे। सभी वरिष्ठ सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन को निरंतर मजबूत बनाने का संदेश दिया।
बैठक में युवा व्यापारियों को संगठन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए आशीष सक्सेरिया को युवा चैंबर का अध्यक्ष तथा आनंद जैन को महामंत्री मनोनीत किया गया। उपस्थित सदस्यों ने नई टीम का स्वागत किया।
कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों एवं पदाधिकारियों को सदस्यता कार्ड और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। संगठन ने महिला उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
बैठक में आगामी चार महीनों की कार्ययोजना के तहत वृक्षारोपण अभियान, स्वतंत्रता दिवस समारोह, छोटे नोट एवं सिक्कों के वितरण कार्यक्रम, निष्क्रिय सदस्यों के संबंध में कार्ययोजना, महिला विंग की गतिविधियां, नए सदस्यों को पहचान पत्र वितरण, जीएसटी संबंधी समस्याओं पर विशेष कार्यक्रम तथा एमएसएमई प्रशिक्षण केंद्र के सहयोग से व्यापारियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बड़ी संख्या में जिला चैंबर के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं व्यापारी उपस्थित रहे। अंत में संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए व्यापारी हितों के लिए निरंतर कार्य करने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.