होम / दुर्ग-भिलाई / AI से फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर वायरल करने और ₹5 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का दुरुपयोग कर एक महिला के फोटो एडिट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देने, ₹5 लाख की अवैध मांग करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को पीड़िता साम्या खान ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई कि रविन्द्र भारती नामक व्यक्ति उससे ₹5 लाख की मांग कर रहा था। आरोपी ने रकम नहीं देने पर उसके पति की हत्या करने की धमकी दी और AI तकनीक के माध्यम से उसके फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर वायरल करने की बात कही। साथ ही पीड़िता पर पति से जबरन तलाक लेने का दबाव भी बनाया।
शिकायत के आधार पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 511/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) एवं 308(3) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने AI तकनीक का उपयोग कर फोटो एडिट करने और पीड़िता को धमकाने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र भारती (30 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, ठेंगाभाट, थाना धमधा, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन सहित इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया संबंधी डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने AI तकनीक से फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता और उसके परिवार पर मानसिक दबाव बनाया तथा इसी आधार पर ₹5 लाख की रंगदारी मांगने का प्रयास किया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि AI या अन्य डिजिटल तकनीकों का दुरुपयोग कर किसी की छवि धूमिल करना, ब्लैकमेल करना या सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध करना गंभीर दंडनीय अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या साइबर हेल्पलाइन पर दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.