होम / दुर्ग-भिलाई / संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा की तैयारियां तेज, दुर्ग में कार्यशाला आयोजित
दुर्ग-भिलाई

दुर्ग। संत शिरोमणि रविदास महाराज की आगामी 650वीं जयंती एवं 10 से 15 अगस्त तक प्रस्तावित तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण कार्यशाला रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने की।
कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक ईश्वर साहू, प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, महापौर अलका बाघमार, जिला महामंत्री दिलीप साहू एवं विनोद अरोरा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, श्रम की प्रतिष्ठा और बंधुत्व का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वाराणसी में संत रविदास का भव्य स्मारक तैयार हो रहा है। इसी क्रम में भाजपा की विशेष टीम 27 जुलाई को वाराणसी से कलश में पवित्र माटी एवं जल लेकर छत्तीसगढ़ आएगी, जिसे प्रदेश के प्रमुख मंदिरों और देव स्थलों तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर संत रविदास के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जयंती वर्ष के दौरान प्रदेशभर में सामाजिक समरसता यात्राएं, विचार गोष्ठियां, स्वच्छता अभियान, सेवा कार्य, निबंध, चित्रकला एवं विचार-विमर्श प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 10 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी तथा बूथ स्तर तक हर घर पर तिरंगा फहराने का अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि यह अभियान केवल आयोजन नहीं, बल्कि संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। कार्यकर्ताओं को इसकी जिम्मेदारी सौंपते हुए सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन की रणनीति तैयार की गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन ने बताया कि 25 से 27 जुलाई तक प्रदेश के सभी जिलों में कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। वाराणसी से लाई जाने वाली पवित्र माटी एवं जल को योजनाबद्ध तरीके से प्रदेश के प्रमुख देव स्थलों तक पहुंचाया जाएगा।
जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने और जिला एवं मंडल स्तर पर गठित टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.