दुर्ग। साइबर ठगी से अर्जित अवैध धनराशि के लेनदेन में प्रयुक्त म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 म्यूल खाताधारकों एवं एजेंटों को गिरफ्तार किया है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन तथा अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
ल
पुलिस के अनुसार थाना पुरानी भिलाई में दर्ज अपराध क्रमांक 258/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(3) एवं 318(4) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में अपने तथा अन्य लोगों के बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी से प्राप्त अवैध धनराशि को विभिन्न खातों में स्थानांतरित कर उसका स्रोत छिपाने के लिए किया जाता था।
तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच में पता चला कि आरोपियों ने दो हजार से दस हजार रुपये तक के कमीशन के बदले अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए थे। इन खातों में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन पाए गए। साक्ष्यों के आधार पर 19 जुलाई 2026 को पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्की खुटेल, भारत गिरी, भोज ठाकुर, चोमन साहू, कमलेश देशलहरे, रमाकांत साहू, आकाश भट्ट, एजेंट संजय निषाद तथा एजेंट मनोज कुमार साहू शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक अथवा मोबाइल सिम उपयोग के लिए उपलब्ध न कराएं। ऐसा करना भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और खाताधारक स्वयं भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाना में देने की अपील की गई है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.