दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुन्दरापारा में पुरानी रंजिश के चलते हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की हत्या और तीन लोगों पर जानलेवा हमले के मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर एक ही परिवार के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईंट, डंडे, चाकू तथा वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 12 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे कुन्दरापारा स्थित जैतखाम के पास हुई। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने अक्षय कोठारी, उनके भाई लेखराम कोठारी, गोपा उर्फ सूर्यदेव कोठारी और उनके चाचा बल्ला उर्फ रोशन कोठारी को घेरकर लाठी, डंडे, ईंट और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लेखराम कोठारी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर पुलिस मौके पर पहुंची और नए आपराधिक कानूनों के तहत एफएसएल विशेषज्ञों की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर घटना में शामिल एक ही परिवार के सभी छह आरोपियों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब तीन वर्ष पहले जैतखाम में झंडा लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला कर लेखराम कोठारी की हत्या कर दी तथा अन्य परिजनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी चेलक (35), आकाश चेलक (26), सत्यम चेलक (33), खेलू चेलक (32), प्रकाश चेलक (29) और देवचंद चेलक (34) शामिल हैं। सभी आरोपी कुन्दरापारा, पद्मनाभपुर के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान कानून के दायरे में करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.