दुर्ग। छत्तीसगढ़ के मूर्धन्य गीतकार एवं साहित्यकार स्वर्गीय चमन शिंदे की जयंती के अवसर पर ममता शिंदे, सुर संझा एवं लोक मंजरी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगोष्ठी, संगीतमय श्रद्धांजलि तथा साहित्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में आयोजित संगोष्ठी के मुख्य वक्ता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. डी.पी. देशमुख रहे। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक डॉ. दीनदयाल साहू, वरिष्ठ साहित्यकार सीताराम साहू, पैरी बालोद विजय वर्तमान, दुर्गाप्रसाद पारकर, रजनी रजक तथा गुलाम हैदर मंसूरी ने स्व. चमन शिंदे के साहित्य, लोक संस्कृति और छत्तीसगढ़ी गीतों में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल थे, जबकि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की विशिष्ट गरिमामयी उपस्थिति रही। वक्ताओं ने कहा कि स्व. चमन शिंदे ने अपनी रचनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और जनभावनाओं को नई पहचान दिलाई। उनका साहित्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
"खुश रहो अहले चमन, हम तो चमन छोड़ चले" की भावपूर्ण स्मृति में आयोजित संगीतांजलि में ममता शिंदे ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। स्वर कोकिला कविता वासनिक ने भी अपनी मधुर प्रस्तुति से वातावरण को भावविभोर कर दिया। विशेष आग्रह पर सांसद विजय बघेल ने भी स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तुरिया के प्रसिद्ध लोकगीत "मोर संग चलव रे" की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनों की खूब सराहना प्राप्त की।
इस अवसर पर साहित्य, लोक संस्कृति एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री डॉ. राधेश्याम बारले, कविता वासनिक, दुष्यंत हरमुख, नवीन देशमुख तथा जिला चिकित्सालय की जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया गया। संगोष्ठी के सभी आमंत्रित वक्ताओं का भी स्मृति-चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन स्व. चमन शिंदे के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनकी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.