-आपातकाल की 51वीं बरसी से पूर्व भाजपा की प्रेस वार्ता आयोजित
दुर्ग। आपातकाल की 51वीं बरसी के पूर्व भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला भाजपा कार्यालय दुर्ग में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे अलोकतांत्रिक काल बताते हुए कहा कि देश के युवाओं को भी यह जानना चाहिए कि इमरजेंसी के दौरान नागरिक अधिकारों पर किस प्रकार प्रतिबंध लगाए गए और जनता को किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक देश में आपातकाल लागू रहा। तत्कालीन राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सलाह पर संविधान के अनुच्छेद 352 के तहत आपातकाल की घोषणा की थी। इस दौरान चुनाव स्थगित किए गए तथा नागरिक अधिकारों पर व्यापक प्रतिबंध लगाए गए। विधायक सोनी ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने इस अवधि को भारतीय इतिहास का सबसे कठिन लोकतांत्रिक दौर बताया था।
उन्होंने कहा कि उस समय सरकार के खिलाफ देशभर में असंतोष का माहौल था और न्यायालय के निर्णय के बाद राजनीतिक परिस्थितियों के बीच आपातकाल लागू किया गया। उनके अनुसार आपातकाल के दौरान विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अनेक संगठनों से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा व्यापक स्तर पर आंदोलन हुए।
विधायक सुनील सोनी ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान देश की सबसे बड़ी ताकत हैं तथा इन्हें सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के समय अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मीडिया पर भी प्रतिबंध लगाए गए थे। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आपातकाल के इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए इतिहास से सीख लेना जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा उत्पन्न न हों।
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री विनोद अरोरा, जिला उपाध्यक्ष मनोज सोनी, प्रवक्ता रजा खोखर, मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, वरिष्ठ भाजपा नेता अजय तिवारी एवं विनायक नातू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.