भिलाई। नेहरू नगर पश्चिम स्थित एक सूने मकान में लाखों रुपये के सोना, चांदी और नगदी की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, वाहन, मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार नेहरू नगर पश्चिम निवासी विनय कुमार अग्रवाल ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि वे 4 मई 2026 को परिवार सहित घर में ताला लगाकर धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। अगले दिन लौटने पर घर का ताला टूटा मिला तथा अलमारी के लॉक भी टूटे हुए थे। अज्ञात चोर सोना, हीरा, चांदी के आभूषण और लगभग 3.40 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना सुपेला में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हारिम और मोहम्मद नासिर हुसैन अपने अन्य साथियों के साथ सूने मकानों की पहले रेकी करते थे और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी किए गए आभूषणों को मेरठ के एक ज्वेलर्स को बेचने तथा चोरी की रकम का आपस में बंटवारा करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में हारिम, मोहम्मद कासिम, सलीम, मोहम्मद बिलाल और दिन मोहम्मद निवासी मेरठ (उत्तरप्रदेश) तथा मोहम्मद नासिर हुसैन निवासी नई दिल्ली शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण में अन्य प्रासंगिक धाराएं भी जोड़ी गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने एवं हीरे के आभूषण, चांदी के आभूषण, नगदी रकम, जुपिटर और सेल्टोस वाहन, मोबाइल फोन तथा ताला तोड़ने के औजार बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला के निरीक्षक विजय कुमार यादव, उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, प्रधान आरक्षक योगेश पाण्डेय सहित विशेष टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक सूना छोड़ने की स्थिति में पड़ोसियों या विश्वसनीय व्यक्तियों को इसकी जानकारी दें, सीसीटीवी कैमरे एवं सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.