दुर्ग। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज जिला दुर्ग के प्रतिनिधिमंडल ने आज नगर निगम दुर्ग पहुंचकर महापौर एवं निगम आयुक्त से मुलाकात की और ट्रेड लाइसेंस शुल्क में की गई अत्यधिक वृद्धि के विरोध में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए शुल्क वृद्धि पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
चेंबर पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारी वर्ग पहले से ही आर्थिक मंदी, बढ़ती महंगाई, ऑनलाइन व्यापार की प्रतिस्पर्धा, जीएसटी और विभिन्न करों के दबाव से जूझ रहा है। ऐसे में ट्रेड लाइसेंस शुल्क में कई गुना बढ़ोतरी छोटे एवं मध्यम व्यापारियों, दुकानदारों, उद्यमियों तथा स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में व्यापारियों से ट्रेड लाइसेंस के लिए लगभग 850 रुपये तक शुल्क लिया जाता था, जबकि अब विभिन्न व्यवसायों के लिए प्रति 5 वर्ग फीट के हिसाब से नई दरें तय कर दी गई हैं। इससे व्यापारियों में भारी असंतोष व्याप्त है। चेंबर प्रतिनिधियों ने कहा कि सभी प्रकार के व्यवसायी, उद्योगपति एवं कार्यालय संचालित करने वाले लोग भी इस नई व्यवस्था के दायरे में आ रहे हैं, जिससे उन पर आर्थिक भार कई गुना बढ़ गया है।
चेंबर ऑफ कॉमर्स जिला दुर्ग ने कहा कि इस विषय पर प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स छत्तीसगढ़ द्वारा मुख्यमंत्री एवं संबंधित मंत्रियों से चर्चा कर व्यापारियों को राहत दिलाने की मांग की जाएगी। प्रतिनिधियों ने बताया कि इस संबंध में प्रदेश स्तर पर जल्द ही मुख्यमंत्री तथा कैबिनेट मंत्रियों से मुलाकात कर पुनर्विचार की मांग रखी जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने निगम प्रशासन से मांग की कि ट्रेड लाइसेंस शुल्क वृद्धि को तत्काल प्रभाव से रोका जाए तथा व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक एवं न्यायसंगत दरें लागू की जाएं। साथ ही किसी भी निर्णय से पहले व्यापारियों से चर्चा कर सहमति आधारित व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई।
इस दौरान नगर निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार एवं निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि फिलहाल नए रेट से किसी भी व्यापारी से ट्रेड टैक्स नहीं लिया जाएगा।
चेंबर प्रतिनिधियों ने कहा कि व्यापारी वर्ग शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारियों के सहयोग से ही रोजगार, राजस्व और स्थानीय बाजार व्यवस्था मजबूत होती है। इसलिए शासन एवं प्रशासन को व्यापारी हितों की रक्षा करते हुए संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।
इस अवसर पर दुर्ग चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष अनूप गटागट के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने वालों में महामंत्री कुलदीप सिंह, चेयरमैन किशोर जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष शिव चंद्राकर, मेंहदी भाई सामनानी, जवाहर जैन, आनंद अग्रवाल, नीतू श्रीवास्तव, सुदीप अग्रवाल, विनय खंडेलवाल, संजय केशवानी, मुरली सचदेवा, सतीश समर्थ, बहादुर अली धरानी, महेश गवलानी, लक्ष्मण गणेशनी, आशीष दानी, सी.पी. गजवानी, दिलीप मरोठी, राजेश जैन, रूपलता साहू, दीना सोनी, अनिमा सिंह, संगीता देवांगन, अहिल्या यादव, आशा देवांगन सहित बड़ी संख्या में चेंबर पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.