दुर्ग। शहर में आयोजित उर्स कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुर्ग पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। भारी भीड़ एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना सिटी कोतवाली, मोहन नगर, पदमनाभपुर सहित विभिन्न थाना पुलिस एवं सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने कार्यक्रम स्थल और आसपास क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।
पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 7 प्रकरण दर्ज किए गए। आरोपियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार बरामद कर उनके खिलाफ आयुध अधिनियम एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार उर्स कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया था। इसी दौरान कुछ युवक अवैध रूप से धारदार हथियार लेकर घूमते पाए गए, जिससे आम लोगों में भय का वातावरण बन रहा था।
थाना सिटी कोतवाली की कार्रवाई ..
थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें ओम नगर उरला निवासी 19 वर्षीय ऋषि यादव, छुरिया बाजार चौक निवासी 23 वर्षीय तुषार अग्रवाल तथा दिग्विजय कॉलेज रोड राजनांदगांव निवासी 23 वर्षीय शेखर नामदेव शामिल हैं। इनके खिलाफ आयुध अधिनियम सहित बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
थाना मोहन नगर की कार्रवाई ..
मोहन नगर थाना पुलिस ने आमापारा नया गांव जिला धमतरी निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद अबरार तथा एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों के कब्जे से धारदार हथियार बरामद किए गए।
थाना पदमनाभपुर की कार्रवाई ..
पदमनाभपुर थाना पुलिस ने कैम्प-1 रामनगर निवासी 20 वर्षीय गुरप्रीत सिंह एवं सुपेला निवासी 20 वर्षीय विक्की गायकवाड को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के पास से अवैध हथियार जब्त किए गए। पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 7 धारदार हथियार जब्त किए हैं।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग एवं एसडीओपी पाटन के नेतृत्व में थाना सिटी कोतवाली, मोहन नगर, पदमनाभपुर, पुरानी भिलाई, धमधा, पाटन, एसएएफ एवं अन्य पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक एवं धार्मिक आयोजनों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.