नगरी। नगरी ब्लॉक के सिहावा- नगरी वनांचल क्षेत्र में खेतों के बीच तेंदुए का एक शावक मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, वहीं वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शावक को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल सफारी, नया रायपुर भेज दिया।
यह मामला बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के छिपली पारा गांव का है, जहां करीब 5 से 6 माह का तेंदुए का शावक श्रृंगी ऋषि पहाड़ी के नीचे स्थित जंगल से भटककर राजस्व क्षेत्र में पहुंच गया था। खेतों में शावक दिखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
वन विभाग की टीम ने लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील करते हुए सावधानीपूर्वक शावक को कब्जे में लिया और पशु चिकित्सालय नगरी ले जाकर उसका प्रारंभिक परीक्षण कराया। जांच में उसकी हालत सामान्य पाई गई, हालांकि वह पानी में भीगा हुआ था, जिससे उसके नाले या जलस्रोत से भटकने की आशंका जताई जा रही है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी सुरेंद्र कुमार अजय ने बताया कि शावक पूरी तरह स्वस्थ है और फिलहाल जंगल सफारी, नया रायपुर में विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है, जहां आगे उसके पुनर्वास को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि सिहावा–नगरी क्षेत्र घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा होने के कारण तेंदुआ, भालू जैसे वन्यप्राणियों का प्राकृतिक आवास माना जाता है, जिससे ऐसे मामले समय-समय पर सामने आते रहते हैं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.