दुर्ग।आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को तेज़ करते हुए दुर्ग में अपनी चुनावी रणनीति का बिगुल फूंक दिया है। इसी सिलसिले में आज राजीव भवन में आयोजित एक अहम बैठक में पार्टी के नगर निगम चुनाव प्रभारी विकास उपाध्याय और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व विधायक एवं वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के पूर्व अध्यक्ष अरुण वोरा ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
-चुनावी टिकट के लिए दावेदारी का दौर
बैठक में महापौर पद और 60 वार्डों के पार्षद पद के दावेदारों ने अपने आवेदन पत्र जिला कांग्रेस कमेटी और परवेक्षक विकास उपाध्याय को सौंपे। इस दौरान कार्यकर्ताओं में गज़ब का जोश और आत्मविश्वास देखने को मिला। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों को सख्ती से लागू करने और अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
-विकास उपाध्याय का जोश बढ़ाने वाला बयान
विकास उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "दुर्ग की मिट्टी में देश के लिए महान नेता पैदा हुए हैं। यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे यहां नगर निगम चुनाव का प्रभार संभालने का अवसर मिला।"
उन्होंने घोषणा की कि पार्टी प्रत्येक वार्ड में प्रभारियों की नियुक्ति करेगी, जो हर वार्ड में बैठकों का दौर शुरू करेंगे। उपाध्याय ने यह भी साफ कर दिया कि टिकट उसी को दिया जाएगा जिसने पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण दिखाया हो।
-अरुण वोरा ने भरी जीत की हुंकार
पूर्व विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा ने अपने आत्मीय संबोधन में कहा, "दुर्ग मेरे परिवार जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह ही मेरी ताकत है। हमें दुर्ग नगर निगम में कांग्रेस का परचम फिर से लहराना है।"
वोरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास कार्य ठप हो गए हैं। कांग्रेस शासनकाल में जो ऑडिटोरियम, स्वास्थ्य सुविधाएं और करोड़ों के विकास कार्य हुए, भाजपा अब उन्हीं का फीता काटकर वाहवाही लूट रही है।"
उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जो प्रत्याशी जनता से जुड़े हैं और जिनका जमीनी आधार मजबूत है, उन्हें ही टिकट दिया जाएगा। "कार्यकर्ताओं की ताकत ही हमारी असली शक्ति है," उन्होंने कहा।
-दुर्ग कांग्रेस का मिशन 2025
बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया कि आगामी चुनाव कांग्रेस के लिए केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा का सवाल है। विकास उपाध्याय और अरुण वोरा ने कार्यकर्ताओं को संगठित होकर मैदान में उतरने का आह्वान किया।
बैठक ने कांग्रेस की एकता और जोश को नई ऊंचाई दी। कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एकजुट होकर दुर्ग नगर निगम में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.