पूर्व जनपद सदस्य की नक्सलियों ने की हत्या

पूर्व जनपद सदस्य की नक्सलियों ने की हत्या

रायपुर ।  दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना क्षेत्र के पोटली में नक्सलियों ने पूर्व जनपद सदस्य और सरपंच रहे जोगा की हत्या कर दी है। हथियारबंद नक्सलियों ने देर रात घर घुसकर घटना को अंजाम दिया। नक्सलियों ने पूर्व जनपद सदस्य पर पुलिस की मदद करने और भाजपा के लिए प्रचार करने का आरोप लगाते हुए इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।
नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में जोगा के बेटे हरीश पोडियामी की भी हत्या की थी। तकरीबन छह वर्ष पूर्व नक्सलियों ने जनदालत में मां और पिता के सामने पुत्र जोगा को मौत के घाट उतारा था। अब पिता जोगा पोडियामी को मार डाला। बता दें कि मौजूदा समय में जोगा पोडियामी की पत्नी जनपद सदस्य है। जोगा का परिवार नक्सलियों की रडार पर पहले से है। इधर, बीजापुर के गंगालूर क्षेत्र के चोखनपाल के जंगल से सात नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। उनके कब्जे से आइईडी, बैटरी, कार्डेक्स वायर, जिलेटिन स्टीक, साहित्य, इलेक्ट्रिक वायर बरामद किया गया। जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 24 अप्रैल को थाना गंगालूर, डीआरजी, कोबरा 202 व केरिपु 222वीं वाहिनी की टीम चोखनपाल की ओर सर्चिंग पर निकली थी। चोखनपाल के जंगल से सात संदिग्ध पुलिस पार्टी को देखकर लुकते- छिपते भागने का प्रयास कर रहे थे। जिसे संयुक्त पार्टी द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ पर उन्होंने अपना नाम पायकु पुलसुम, दिनु पुलसुम, रमेश पुलसुम, सोमबारू पुलसम, सुक्की माड़वी, सुक्कू पुलसुम व जोगी पुलसुम बताया। सभी की शिनाख्त नक्सल दलम सदस्यों के रूप में हुई। थाना गंगालूर में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की गई।