-जनजाति समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, कोई भी युवा अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे- विधायक श्री चंद्राकर
-विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण पत्रों का किया गया वितरण
-जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का हुआ भव्य आयोजन

दुर्ग। महात्मा गांधी कला मंदिर, भिलाई नगर में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। सांसद विजय बघेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। जनजातीय गौरव दिवस के तहत आयोजित कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके अदम्य साहस, संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए अमूल्य योगदान एवं बलिदान को स्मरण किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्री बघेल ने कहा कि महात्मा गांधी को जैसे राष्ट्रपिता के रूप में संबोधित किया जाता है, वैसे ही भगवान बिरसा मुंडा को धरती के पिता के रूप में संपूर्ण देश आदर और सम्मान के साथ याद करता है। उन्होंने कहा कि एक साधारण आदिवासी परिवार में जन्मे बिरसा मुंडा ने अल्प आयु में ही अपने अदम्य साहस, वीरता और तीर-कमान के दम पर ब्रिटिश साम्राज्य से लड़ पड़े। बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल आदिवासी समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि संपूर्ण मानवता और सर्वसमाज के उत्थान के लिए था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की परिकल्पना के अनुरूप वर्ष 2021 से 15 नवंबर को ’जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का ऐतिहासिक संकल्प लिया गया, ताकि आने वाली पीढ़ियां भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा ले सकें। सांसद श्री बघेल ने कहा कि आदिवासी समाज आदिकाल से भगवान राम और महाभारत के युग से ही देश की संस्कृति का मुख्य आधार रहा है। आदिवासियों के वेशभूषा, खान-पान, और रहन-सहन में भले ही आधुनिकता का प्रभाव आया हो, लेकिन उनकी मूल संस्कृति और राष्ट्र के प्रति निष्ठा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप देश से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म किया जा रहा है, ताकि आदिवासी क्षेत्रों में भी विकास के सभी संसाधन और समानता की व्यवस्था सुगमता से पहुंच सके। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंदलाल जैसे महापुरुषों के आदर्शों पर चलते हुए निरंतर जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की बात कही। समारोह के दौरान केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई से लेकर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण तक, जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय है। समाज के समग्र उत्थान पर जोर देते हुए कहा कि आज हमारा दायित्व है कि जनजाति समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, कोई भी युवा अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे और कोई भी परिवार विकास की मुख्यधारा से अछूता न रहे। विधायक श्री चंद्राकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजाति समाज के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जैसी महत्वपूर्ण पहलों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है।
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की बधाई देते हुए कहा कि बस्तर से सरगुजा तक जनजाति समाज ने अपनी मेहनत, संघर्ष और सांस्कृतिक विरासत से प्रदेश को विशिष्ट पहचान दी है। भगवान बिरसा मुंडा ने हमे न सिर्फ जल, जंगल और जमीन दिया, बल्कि हमे जीवन जीने का आधार दिया है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा एक भारतीय आदिवासी स्वत्रंतत्रा सेनानी और लोकनायक थे, जिन्हे आदिवासी समाज द्वारा धरबी आबा (पृथ्वी के पिता) के रुप में पूजा जाता है। स्वतंत्रता के लिए जनजातीय समुदाय के संघर्षाे को हमें कभी नहीं भूलना चाहिये और हमें यह भी याद रखना चाहिये कि हमारे देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में जनजातीय समुदाय का योगदान अविस्मरणीय है। भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ मुंडा जनजाति के विद्रोह का नेतृत्व किया। उन्होंने आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी और उनके आंदोलनों का परिणाम छोटा नागपुर टेनेंसी एक्ट जैसे कानूनों में हुआ, जो आज भी आदिवासियों की भूमि की रक्षा करता है। उन्होंने धार्मिक, सामाजिक सुधारों को बढ़ावा दिया साथ ही जादू टोना जैसी सामाजिक बुराईयों से लड़ने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने आदिवासियों की जल, जमीन, जंगल और स्वाभिमान के लिए लड़ने वाले महान योद्धा भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि शासन की महत्वपूर्ण योजना धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत दुर्ग जिला के विकासखण्ड धमधा में सेमरिया (जी)/नवागांव/डंगनिया तथा विकासखण्ड पाटन में अकतई ग्राम चिन्हित हैं। उक्त ग्रामों में आयोजित आईईसी कैंपेन के तहत जनजातीय परिवारों को आयुष्मान कार्ड, पीएम जनधन खाता, पीएम किसान क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, मातृवन्दना योजना, सिकल सेल टेस्टिंग एवं उज्ज्वला योजना आदि से लाभांवित किया जा रहा है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास अविनाश श्रीवास ने आभार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुलेश्वरी देवांगन, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, पूर्व विधायक सांवलाराम डहरे, केंद्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, सुरेन्द्र कौशिक, पद्मश्री श्रीमती उषा बारल, पुरुषोत्तम देवांगन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोभराज, आदिवासी समाज प्रमुख श्रीमती तुलसी ध्रुव एवं पवन ठाकुर सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.