छत्तीसगढ़

जनजातीय नायकों की गौरवगाथा से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

58216112026124550whatsappimage2026-11-16at6.12.49pm(1).jpeg

-बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, 120 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
-शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

Image after paragraph


बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान, त्याग और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों का गौरवशाली इतिहास है। भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर हमें शिक्षा, विकास और सामाजिक एकता के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री साय आज बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत वाले 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। समारोह में शिक्षा, खेल, कला एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका था। उन्होंने जनजातीय समाज में अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए चेतना जागृत की। तीर-कमान के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देने वाले बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए जनजातीय नायकों ने 1857 से भी पहले संघर्ष शुरू कर दिया था। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूख से व्याकुल लोगों की सहायता की और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। प्रदेश के जनजातीय नायकों के संघर्ष एवं बलिदान की गौरवगाथा को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में संजोया गया है। उन्होंने नागरिकों से संग्रहालय का अवलोकन कर अपने गौरवशाली इतिहास को जानने का आग्रह किया।
श्री साय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर जनजातीय विकास को नई दिशा दी। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षाओं को पूरा किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। आवास और महतारी वंदन जैसी योजनाओं से भी बड़ी संख्या में जनजातीय परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को विकास का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों के माध्यम से युवाओं का भविष्य संवारा जा रहा है। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनने से विकास कार्यों को गति मिली है। अब दूरस्थ गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका की सुविधाएं पहुंच रही हैं। कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Image after paragraph


-जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका : तोखन साहू केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने गौरवशाली इतिहास को याद करने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। अमर शहीद वीर नारायण सिंह सहित छत्तीसगढ़ के अनेक वीरों ने समाज और देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की प्रतिभाएं आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचकर राष्ट्र का नेतृत्व कर रही हैं।
-जनजातीय नायकों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है गौरव दिवस : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने तप, त्याग और संघर्ष से समाज के हृदय में भगवान का स्थान प्राप्त किया। जनजातीय गौरव दिवस उन महान नायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
-पारंपरिक संस्कृति और जनजातीय इतिहास का संरक्षण जरूरी : योगेश बापट
वनवासी कल्याण आश्रम के योगेश बापट ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने लगभग 25 वर्ष के जीवन में ऐसे कार्य किए कि वे जनमानस के लिए भगवान बन गए। देश के विभिन्न क्षेत्रों में जनजातीय नायकों ने स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया है। उनके योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाने की आवश्यकता है। उन्होंने जनजातीय समाज की सामूहिक जीवनशैली, रीति-नीति और जड़ी-बूटियों के पारंपरिक ज्ञान को महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण और प्रामाणिक इतिहास लेखन पर जोर दिया।
-फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन, 28 प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह के दौरान भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायकों के जीवन, संघर्ष और योगदान पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सर्व आदिवासी समाज की ओर से विशाल गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। आदिवासी समाज के संरक्षक वेद सिंह मरकाम ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को बधाई दी। वहीं शिक्षा, खेल, कला एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम की संयोजिका वंदना उइके ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, आयोजन समिति एवं गोंडवाना गोंड महासभा के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह शोरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जनजातीय गौरव दिवस समारोह ने भगवान बिरसा मुंडा और छत्तीसगढ़ के वीर जननायकों के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का संदेश दिया।

एक टिप्पणी छोड़ें

Data has beed successfully submit

Related News

Advertisement

ताज़ा समाचार

Popular Post

This Week
This Month
All Time

स्वामी

संपादक- पवन देवांगन 

पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल :  dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

हमारे बारे में

हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।

सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।

logo.webp

स्वामी / संपादक- पवन देवांगन

- बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल : dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

NEWS LETTER
Social Media

Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved

Powered By Global Infotech.