होम / दुर्ग-भिलाई / खुर्सीपार में 12.06 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, ₹3.97 लाख की सामग्री जब्त
दुर्ग-भिलाई
-नहर किनारे शिव मंदिर के पास ट्रांसपोर्ट रोड पर बेच रहे थे नशीला पदार्थ, पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए आरोपी; तीन मोबाइल, नकदी और स्कूटी भी जब्त
भिलाई। दुर्ग जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में खुर्सीपार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.06 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल फोन, 16,100 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल 3 लाख 97 हजार 400 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को थाना खुर्सीपार पुलिस को सूचना मिली कि नहर किनारे शिव मंदिर के पास ट्रांसपोर्ट रोड खुर्सीपार में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम पी. तुलमा राव उर्फ चिंटू (27 वर्ष), निवासी सेक्टर-01, क्रॉस स्ट्रीट, क्वार्टर नंबर 05/बी, थाना भिलाई भट्ठी; मोंटी अरोरा (32 वर्ष), निवासी एलआईजी 01/825, हाउसिंग बोर्ड भिलाई तथा मोहम्मद आफताब (24 वर्ष), निवासी सेक्टर-02, जामुल बताया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से बिक्री के लिए रखा गया 12.06 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 41 हजार 300 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन की कीमत 90 हजार रुपये, 16,100 रुपये नकद और स्कूटी क्रमांक CG 07 BG 2789, जिसकी कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है, जब्त की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 3,97,400 रुपये की सामग्री जब्त की।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 521/2026 के तहत धारा 8, 21(ख), 27(क) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता का रिकॉर्ड मिला है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी पी. तुलमा राव उर्फ चिंटू के विरुद्ध थाना भिलाई भट्ठी में वर्ष 2023 में मारपीट एवं दुर्घटना से संबंधित मामला तथा थाना मोहन नगर में वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज है। वहीं मोंटी अरोरा के विरुद्ध थाना मोहन नगर में एनडीपीएस एक्ट, थाना जामुल में जुआ एक्ट एवं मारपीट से संबंधित मामले तथा थाना भिलाई भट्ठी में वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 12 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
-नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास मादक पदार्थों की बिक्री, नशे के अवैध कारोबार अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में आम नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.