-महापौर अलका बाघमार ने स्वयं तालाबों का निरीक्षण कर सफाई कार्यों की ली जानकारी, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
दुर्ग। आगामी छठ पर्व को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर के तालाबों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई की तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर अलका बाघमार ने गुरुवार को स्वयं वार्ड क्रमांक 29 स्थित सिविल लाइन शीतला तालाब, वार्ड क्रमांक 50 स्थित बोरसी तालाब सहित शहर के अन्य तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तालाबों एवं घाटों में प्रतिदिन युद्धस्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि छठ पर्व से पहले शहर के सभी प्रमुख तालाबों एवं घाटों की बेहतर ढंग से सफाई सुनिश्चित की जाए। सफाई कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिन तालाबों में जलकुंभी और कचरे की अधिकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा तालाबों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नियमित सफाई कर्मचारियों के साथ मशीनों को भी लगाया गया है। तालाबों में फैली जलकुंभी, तैरता हुआ कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को निकाला जा रहा है। इसके साथ ही घाटों की सीढ़ियों, किनारों और आसपास के क्षेत्रों की भी सफाई कराई जा रही है।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि छठ पर्व श्रद्धा, आस्था और सूर्य उपासना का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह और शाम तालाबों एवं घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे तालाबों एवं घाटों में कचरा, प्लास्टिक और पूजन सामग्री इधर-उधर न फेंकें तथा स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग प्रभारी निलेश अग्रवाल, एमआईसी सदस्य ज्ञानेश्वर ताम्रकर, ज्ञानदास बंजारे, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, जितेंद्र राजपूत, मनोहर शिंदे, दुर्गेश कुमार सहित निगम की टीम उपस्थित रही।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.