होम / दुर्ग-भिलाई / दीपावली पर दुर्ग पुलिस ने शहीद परिवारों के बीच पहुंचकर दी खुशियों की सौगात, 37 परिवारों का जाना कुशलक्षेम
दुर्ग-भिलाई
-डीआईजी एवं एसएसपी विजय अग्रवाल ने स्वयं शहीद परिवारों के घर पहुंचकर दी दीपावली की शुभकामनाएं, कहा– शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा
दुर्ग। दीपावली के पावन पर्व पर दुर्ग पुलिस ने संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में सेवा के दौरान शहीद हुए 37 अधिकारी-कर्मचारियों के परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस विशेष पहल के तहत पुलिस अधिकारियों ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और शुभकामना भेंट प्रदान कर उनके साथ खुशियों के इस पर्व को साझा किया।
इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल स्वयं शहीद पुलिसकर्मियों के निवास स्थान पहुंचे और उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने शहीद आरक्षक आदेश के एसटीएफ कॉलोनी, सिंधिया नगर स्थित निवास, शहीद आरक्षक अवनी सिंह के नई पुलिस लाइन, दुर्ग स्थित निवास तथा शहीद आरक्षक मनोज वर्मा के पांच बिल्डिंग, दुर्ग स्थित निवास पर पहुंचकर उनके परिजनों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनका हालचाल जाना।
इस दौरान विजय अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए शहीद पुलिसकर्मियों ने जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को कभी भुलाया नहीं जा सकता। छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस विभाग हर परिस्थिति में शहीद परिवारों के साथ खड़ा है और उनके सुख-दुख में सदैव सहभागी रहेगा।
जिले के शेष शहीद परिवारों तक भी दीपावली की शुभकामनाएं पहुंचाने के लिए नगर पुलिस अधीक्षकों, अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों ने पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ उनके निवास पर पहुंचकर परिजनों से भेंट की। सभी परिवारों को शुभकामना भेंट प्रदान कर उनका कुशलक्षेम जाना गया।
दुर्ग पुलिस की इस पहल का उद्देश्य शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को यह एहसास कराना है कि उनके परिजनों का बलिदान पुलिस विभाग के लिए सदैव गौरव और प्रेरणा का विषय रहेगा। शहीद परिवार पुलिस विभाग का अभिन्न अंग हैं और विभाग उनके सम्मान, सहयोग एवं संरक्षण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.