होम / दुर्ग-भिलाई / स्कूल बैग पॉलिसी और बच्चों के बस्ते का वजन कम करने की मुहिम को मिली बड़ी सफलता, रुद्र शर्मा ने जताया आभार
दुर्ग-भिलाई
-Google Boy रुद्र शर्मा की पहल पर राज्य बाल संरक्षण आयोग ने लिया संज्ञान, स्कूल शिक्षा विभाग को NEP-2020 के तहत बैग का वजन निर्धारित करने की अनुशंसा
दुर्ग। बच्चों के स्वास्थ्य और उनके बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्कूल बैग का वजन कम करने की मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। इस दिशा में लगातार आवाज उठाने वाले Google Boy रुद्र शर्मा ने राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त वर्णिका शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि लगभग दो महीने पहले रुद्र शर्मा ने एक जागरूकता वीडियो जारी कर स्कूलों में बच्चों के भारी बस्तों की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने शासन-प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी तथा राज्य बाल संरक्षण आयोग का ध्यान इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित करते हुए मांग की थी कि स्कूल बैग का वजन बच्चे के शरीर के कुल वजन के 10 प्रतिशत से अधिक नहीं होना चाहिए।
रुद्र शर्मा ने अपने वीडियो में कक्षावार स्कूल बैग के निर्धारित वजन को लेकर विस्तृत सुझाव भी प्रस्तुत किए थे। इसमें कक्षा पहली-दूसरी, तीसरी-पांचवीं, छठवीं-सातवीं, आठवीं-नौवीं और दसवीं-बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए बस्ते का उचित वजन तय करने का खाका शामिल था। उनका उद्देश्य बच्चों को भारी बस्तों के कारण होने वाली शारीरिक परेशानियों से बचाने के साथ ही उनकी पढ़ाई को सहज और तनावमुक्त बनाना था।
रुद्र शर्मा की इस पहल और मांगों को गंभीरता से लेते हुए 1 नवंबर 2026 को राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने महत्वपूर्ण कदम उठाया। आयोग की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के प्रावधानों के तहत स्कूल बैग का वजन निर्धारित करने के संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग को अनुशंसा की गई है।
इस पहल से रुद्र शर्मा बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ा यह विषय लंबे समय से ध्यान देने योग्य था। भारी स्कूल बैग के कारण बच्चों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए उन्होंने अपनी ओर से जागरूकता अभियान शुरू किया था। अब राज्य बाल संरक्षण आयोग द्वारा इस विषय पर सकारात्मक पहल किए जाने से उनकी मुहिम को नई दिशा मिली है।
रुद्र शर्मा ने राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के हित में उठाया गया यह कदम सराहनीय है। उन्हें उम्मीद है कि स्कूल शिक्षा विभाग भी इस अनुशंसा पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्कूल बैग का वजन निर्धारित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगा, ताकि बच्चों को भारी बस्तों से राहत मिल सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.