-नाली निर्माण के नाम पर आठ संपर्क मार्ग बंद, स्कूल बसों, मरीजों और आम नागरिकों की बढ़ी मुश्किलें
.jpeg)
दुर्ग। जेल तिराहा से पुलगांव बायपास रोड होते हुए पद्मनाभपुर जाने वाले मार्ग पर निर्माण कार्य के चलते प्रवेश बंद होने से पद्मनाभपुर के दो वार्डों की लगभग 7 हजार आबादी परेशान है। नाली निर्माण के लिए जेल तिराहा से बाफना मंगलम तक करीब एक किलोमीटर के दायरे में कॉलोनी के आठ संपर्क मार्गों की खुदाई कर आवागमन बंद किए जाने से स्थानीय रहवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारों के सीजन में बाजार आने-जाने वाली महिलाओं, स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और अस्पताल जाने वाले मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, भिलाई सहित अन्य क्षेत्रों से पद्मनाभपुर आने-जाने वाले लोगों को भी मार्ग बंद होने के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। संपर्क मार्गों पर खुदाई के चलते स्कूल बसों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। वहीं, बुजुर्गों और मरीजों को अस्पताल पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। त्योहारी सीजन में खरीदारी और अन्य जरूरी कामों के लिए बाजार जाने वाले लोगों को भी अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है। इससे रहवासियों में नाराजगी बढ़ रही है।
-भीतरी नालियों में पुलिया निर्माण की धीमी गति से बढ़ी समस्या
एक ओर मुख्य संपर्क मार्गों पर नाली निर्माण के कारण आवागमन बाधित है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम द्वारा कॉलोनी की भीतरी नालियों पर पुलिया निर्माण में देरी से समस्या और गंभीर हो गई है। निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार के कारण दोनों वार्डों के निवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
-विकास कार्यों के नाम पर जनता को अनावश्यक परेशान न करें अधिकारी : राजेश शर्मा
पूर्व पार्षद राजेश शर्मा ने लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों से कहा है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन निर्माण कार्यों की योजना इस तरह बनाई जानी चाहिए कि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नाली निर्माण और पुलिया निर्माण में तेजी लाई जाए तथा आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
शर्मा ने कहा कि निर्माण कार्यों की सुस्त रफ्तार के कारण कॉलोनी की करीब 7 हजार आबादी प्रभावित हो रही है। अधिकारियों को चाहिए कि वे जनसुविधाओं का ध्यान रखते हुए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराएं, ताकि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और आम नागरिकों को राहत मिल सके। विकास के साथ जनसुविधाओं का संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.