-IB और BSF के सहयोग से दुर्ग पुलिस की STF टीम ने पश्चिम बंगाल में की कार्रवाई, आधार और राशन कार्ड के सत्यापन व निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू
दुर्ग। जिले में अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिक रीना अख्तर के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 23 अक्टूबर 2026 को उसे भारत से डिपोर्ट कर दिया गया।
दुर्ग पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान एवं सत्यापन के दौरान रीना अख्तर के बांग्लादेशी नागरिक होने और भारत में अवैध रूप से निवास करने की जानकारी सामने आई थी। मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दुर्ग पुलिस की विशेष कार्यबल (STF) की टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया। वहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सहयोग से समन्वित कार्रवाई की गई। इसके बाद 23 अक्टूबर को रीना अख्तर को नियमानुसार भारत से डिपोर्ट किया गया।
-आधार और राशन कार्ड के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू
पुलिस के अनुसार, संबंधित महिला द्वारा आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित अन्य भारतीय दस्तावेज प्राप्त किए जाने के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है। इन दस्तावेजों के सत्यापन और नियमानुसार निरस्तीकरण के लिए संबंधित विभागों के समक्ष प्रक्रिया शुरू की गई है। इसका उद्देश्य कथित रूप से अवैध तरीके से प्राप्त दस्तावेजों के दुरुपयोग को रोकना और भविष्य में इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति की आशंका को कम करना है।
-संदिग्ध विदेशी नागरिकों की सूचना देने की अपील
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान, दस्तावेजों के सत्यापन तथा संबंधित विभागों एवं केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध विदेशी नागरिक के अवैध निवास अथवा फर्जी दस्तावेजों के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। प्राप्त सूचनाओं का नियमानुसार सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-हेल्पलाइन नंबर: 1800-233-1905
इस नंबर पर अवैध प्रवासियों के संबंध में सूचना देने की अपील दुर्ग पुलिस ने की है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.