होम / दुर्ग-भिलाई / रसमड़ा स्टील प्लांट हादसा: जे.डी. स्टील इंडस्ट्रीज के निदेशक और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज
दुर्ग-भिलाई
-इंडक्शन फर्नेस के ट्रायल के दौरान पिघला हुआ मेटल बाहर आने से गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत
दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी अंजोरा के रसमड़ा स्थित स्टील प्लांट में हुए हादसे के मामले में पुलिस ने जे.डी. स्टील इंडस्ट्रीज के निदेशक और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंडक्शन फर्नेस के ट्रायल कार्य के दौरान पिघला हुआ मेटल अधिक मात्रा में बाहर आने से एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 अक्टूबर 2026 की है। रसमड़ा स्थित स्टील प्लांट में इंडक्शन फर्नेस का ट्रायल कार्य चल रहा था। इसी दौरान पिघला हुआ मेटल अधिक मात्रा में बाहर निकल आया, जिसकी चपेट में आने से वहां कार्यरत संतोष श्रीवास्तव (42 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच की। जांच में प्लांट के संचालन के दौरान लापरवाही और उसके परिणामस्वरूप हुई मृत्यु के संबंध में प्लांट संचालक तथा ठेकेदार की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 289 एवं 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने मामला विवेचना में लेते हुए घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.