होम / दुर्ग-भिलाई / हिंदी पखवाड़े में विविध कार्यक्रमों से हिंदी के प्रचार-प्रसार को मिला नया आयाम
दुर्ग-भिलाई
-हिंदी के दैनिक कार्यालयीन प्रयोग से कार्य सरल होने के साथ राष्ट्रीय एकता को मिलेगी मजबूती : निशीथ कांति दास
भिलाई। हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर आंचलिक प्रमुख निशीथ कांति दास ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा की प्रतिज्ञा दिलाई। समारोह में अपर महाप्रबंधक सरोश जिब्रान खान एवं सलाहकार (तकनीकी) वी. के. शाह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
पखवाड़े के दौरान संगोष्ठी, निबंध लेखन, पोस्ट कार्ड लेखन, प्रश्नोत्तरी तथा राजभाषा कार्यशाला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हिंदी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
हिंदी पखवाड़े के समापन अवसर पर आंचलिक प्रमुख निशीथ कांति दास के मुख्य आतिथ्य एवं सलाहकार (तकनीकी) वी. के. शाह की अध्यक्षता में समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए आंचलिक प्रमुख निशीथ कांति दास ने कहा कि हिंदी केवल पत्राचार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक कार्यालयीन कार्यों में अपनाया जाना चाहिए। हिंदी के प्रयोग से कार्य सरल होता है और राष्ट्रीय एकता के लक्ष्य को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में कर्मचारियों की सहभागिता से उनकी कार्यक्षमता और हिंदी के प्रति रुचि में वृद्धि होती है।
सलाहकार (तकनीकी) वी. के. शाह ने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का प्रयोग बढ़ाकर ही राजभाषा नीति को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। वहीं उप प्रबंधक (वित्त) अंकित अग्रवाल ने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का निरंतर उपयोग ही राजभाषा नीति को व्यावहारिक एवं सफल बनाने का माध्यम है।
प्रतियोगिताओं के विजेता
निबंध लेखन प्रतियोगिता: प्रथम—सुश्री वर्षा मेश्राम, द्वितीय— प्रदीप कुमार, तृतीय— कपूर चन्द्र सोनी।
पोस्ट कार्ड लेखन प्रतियोगिता: प्रथम— अनूप कुमार मिश्रा, द्वितीय— सुनील कुमार यादव, तृतीय— रविकांत तिवारी।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता: प्रथम- एस. शरत कुमार, द्वितीय— देबेश लाहा, तृतीय— प्रभु लाल।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा अधिकारी सुश्री वंदना चौधरी ने किया। समापन समारोह में परामर्शदाता (तकनीकी) आई. टेम्भरे, परामर्शदाता (तकनीकी) पी. के. ताम्रकार, परामर्शदाता (विधि) एम. के. चव्हाण, वरिष्ठ कार्यपालक (मा.स.प्र.) नवीन दीवान, कार्यपालक अजय तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी पखवाड़े के आयोजन से कर्मचारियों में हिंदी के प्रयोग के प्रति जागरूकता एवं उत्साह बढ़ा। विविध कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से हिंदी के प्रचार-प्रसार को नया आयाम मिला तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.