होम / दुर्ग-भिलाई / नकली सोने के जेवर गिरवी रख 8.25 लाख रुपये की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
-84.880 ग्राम नकली आभूषण और चार मोबाइल फोन जब्त, सिटी कोतवाली व एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई
दुर्ग। नकली सोने के जेवरात को असली बताकर गिरवी रखने और उसके एवज में 8 लाख 25 हजार रुपये नगद प्राप्त कर धोखाधड़ी करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली दुर्ग एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें पुलिस अभिरक्षा में लिया। आरोपियों के कब्जे से 84.880 ग्राम वजन के नकली सोने के जेवरात तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी पवन कुमार जैन (37), निवासी भोई पारा, दुर्ग ने 4 अक्टूबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 सितंबर एवं 30 सितंबर 2026 को एक महिला और एक पुरुष द्वारा नकली सोने के जेवरात, जिनका कुल वजन 84.880 ग्राम था, गिरवी रखकर कुल 8 लाख 25 हजार रुपये नगद प्राप्त किए गए। बाद में जेवरात नकली पाए जाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया।
शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 555/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी करते हुए रमेश कुमार और मीनाक्षी बाघ को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों के घटना में संलिप्त होने की जानकारी सामने आने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर नकली सोने के जेवरात उपलब्ध कराने वाले राजेश अग्रवाल की पहचान हुई। पुलिस ने उसकी पतासाजी कर उसे भी पुलिस अभिरक्षा में लिया। पूछताछ एवं विवेचना में संलिप्तता पाए जाने पर राजेश अग्रवाल को भी गिरफ्तार किया गया।
-असली सोने के रूप में पेश किए नकली जेवर
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नकली सोने के जेवरात को वास्तविक सोने के आभूषण के रूप में प्रस्तुत कर गिरवी रखा और उसके बदले नगद राशि प्राप्त की। पुलिस ने प्रकरण से जुड़े नकली जेवरात को जब्त कर लिया है। घटना स्थल सहेली आर्म्स, श्री शिवम मॉल, दुर्ग, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र बताया गया है।
-ये आरोपी गिरफ्तार
1. रमेश कुमार (35 वर्ष), निवासी शिवानंद नगर, अग्रवाल किराना स्टोर के पास, रायपुर।
2. मीनाक्षी बाघ (39 वर्ष), निवासी कादम्बरी नगर, स्ट्रीट नंबर 08, मीनाक्षी विला, दुर्ग।
3. राजेश अग्रवाल (45 वर्ष), निवासी कबीर नगर, थाना कबीर नगर, जिला रायपुर।
-चार मोबाइल और नकली जेवर जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन तथा प्रकरण से संबंधित 84.880 ग्राम वजन के नकली सोने के जेवरात जब्त किए हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
-सोने की शुद्धता जांच के बाद ही लेन-देन करें : पुलिस
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोने अथवा अन्य कीमती आभूषणों की खरीदी-बिक्री या गिरवी रखने से पहले उनकी शुद्धता एवं वास्तविकता की विधिवत जांच अवश्य कराएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को सूचना दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.