-महापौर अलका बाघमार ने किया बाजार का निरीक्षण, जर्जर मूत्रालय की शीघ्र मरम्मत के दिए निर्देश

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने शुक्रवार को इंदिरा मार्केट क्षेत्र का निरीक्षण कर बाजार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त लीना कोसम, सभापति श्याम शर्मा, एमआईसी सदस्य देव नारायण चन्द्राकर, नीलेश अग्रवाल एवं रंजीता पाटिल, भवन अधिकारी प्रकाश थवानी तथा स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर ने इंदिरा मार्केट के फूल बाजार क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों का निरीक्षण करते हुए व्यापारियों से चर्चा की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान जर्जर दुकानों की समस्या भी सामने आई। महापौर अलका बाघमार ने कहा कि जर्जर दुकानों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्यों को लेकर आगामी बुधवार को अपने कक्ष में निगम अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में समस्याओं का तकनीकी एवं व्यावहारिक परीक्षण कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभापति श्याम शर्मा ने फूल बाजार के समीप स्थित जर्जर मूत्रालय की ओर महापौर एवं निगम अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मूत्रालय की आवश्यक मरम्मत का कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए, ताकि बाजार में आने वाले नागरिकों एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
-सड़क सीमा के भीतर दुकान लगाने की समझाइश
महापौर ने बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे पसरा लगाकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों से भी चर्चा की। उन्होंने दुकानदारों को सड़क सीमा के भीतर ही दुकान लगाने की समझाइश देते हुए कहा कि बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दुकानदारों से दुकान के बाहर सामान अधिक फैलाकर नहीं रखने की अपील की और व्यवस्था का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
महापौर ने निगम अधिकारियों को बाजार क्षेत्र में आवागमन सुचारू बनाए रखने तथा सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण की स्थिति पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों में व्यापारियों और नागरिकों दोनों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा। बाजार की समस्याओं का स्थल निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.