-भाजपा कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, पौधरोपण कर दिया जल संरक्षण का संदेश

बेमेतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुजरात के वडनगर से प्रारंभ होकर वाराणसी तक जाने वाली जल जन कलश बाइक रैली बुधवार को सिमगा से होते हुए बेमेतरा जिले के नादघाट पहुंची। इसके बाद रैली ग्राम पंचायत टेमरी पहुंची, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने रैली का भव्य स्वागत किया।
रैली के टेमरी पहुंचने पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष बेमेतरा विजय वर्मा, बाइक रैली प्रभारी आयुष शर्मा, महामंत्री गौरव यदु सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान रैली में शामिल सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक रैली का स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, प्रदेश भाजपा महामंत्री जगन्नाथ पाणिग्रही, महापौर रामूराम रोहरा, विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष अजय साहू, राज्यसभा सांसद राजेश शुक्ला सहित भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राज्यसभा सांसद राजेश शुक्ला ने कहा कि जल जन कलश यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के संदेश को समाज के बीच पहुंचाने का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इसी सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
-पौधरोपण कर दिया जल संरक्षण का संदेश
रैली के पहुंचने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल टिकरिहा एवं बाइक रैली प्रभारी आयुष शर्मा सहित युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने पौधरोपण किया। इस दौरान पौधे के पास मिट्टी से भरी मटकी रखकर जल संरक्षण एवं पौधों की जड़ों तक निरंतर पानी पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों का शाल एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मान भी किया गया।
-प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी
रैली के लिए प्रशासन की ओर से अधिकृत नोडल अधिकारी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सुखदेव उमाकांत सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण प्रभारी नागेश साहू, मेहुल वर्मा, धर्मेंद्र गोस्वामी, लल्लन यादव, सरपंच संघ अध्यक्ष शिवमूर्ति, सरपंच टेमरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव, नागरिक खाद्य आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों का भी सहयोग रहा। जिला भाजपा अध्यक्ष अजय साहू जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.