- इन कॉलेजों से पढ़कर निकले विभिन्न क्षेत्र के दिग्गजों का तगड़ा समर्थन, कहां लड़ेंगे आर-पार की लड़ाई
- व्यथित और आक्रोशित प्रोफेसर्स ने कहा सड़क से संसद तक और डीएम से सीएम और पीएम तक जाएंगे
भिलाई। राज्य शासन द्वारा अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों की पेंशन तथा ग्रेच्युटी पर रोक लगाए जाने के फैसले के विरोध में भिलाई स्थित कल्याण कॉलेज के समक्ष सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में दुर्ग-भिलाई के अनुदान प्राप्त कॉलेजों के सेवानिवृत्त और सेवारत प्राध्यापकों तथा कर्मचारियों ने एकजुट होकर शासन के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया और रोके गए भुगतानों को तुरंत बहाल करने की मांग की। इसमें कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुराना महाविद्यालय और भिलाई महिला महाविद्यालय के प्राध्यापक और कर्मी शामिल हुए।
वक्ताओं ने उच्च शिक्षा विभाग पर मंत्री परिषद के निर्णय की गलत और मनमानी व्याख्या करते हुए पेंशन व ग्रेच्युटी रोकने का आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि राज्य शासन ने एक सितंबर 2026 से अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों के प्राध्यापक एवं कर्मचारियों को मिलने वाली पेंशन व ग्रेच्युटी का भुगतान रोकने का निर्णय लागू किया है। धरने पर बैठे सेवानिवृत्त व सेवारत शिक्षकों का कहना है कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश और प्रदेश के भावी नागरिकों तथा युवाओं का भविष्य संवारने में समर्पित कर दिया। लेकिन जीवन के इस ढलते पड़ाव में सरकार के इस बेतुके और अमर्यादित निर्णय ने उनके सम्मानजनक ढंग से जीने की उम्मीदों को तार-तार कर दिया है। सेवानिवृत्ति के बाद वित्तीय असुरक्षा के कारण उनके समक्ष जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
-शिक्षा बिरादरी से पहुंची तमाम हस्तियां
यह एक दिवसीय सांकेतिक धरना छत्तीसगढ़ राज्य अनुदान प्राप्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी संघ, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों की पेंशन व ग्रेच्युटी बहाली संघर्ष समिति तथा सेवानिवृत्त एवं सेवारत प्राध्यापक व कर्मचारी संघ भिलाई-दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। सेवानिवृत्त प्राध्यापक संघ के अध्यक्ष डॉ.हरिनारायण दुबे, प्रो.डी.पी.जायसवाल, प्रो.डी.एन.शर्मा, प्रो.रमेश उपाध्याय, डॉ.आर.पी.अग्रवाल, डॉ.संध्या मदन मोहन, प्रो.जी.के.भावनानी, सेवारत मंच से संघ के अध्यक्ष डॉ.सुधीर शर्मा, डॉ.अनुराग पांडेय एवं प्रो.लखन चौधरी, डॉ.सलीम अकील, प्राचार्य डॉ.विनय शर्मा, डॉ.मणिमेखला शुक्ल के नेतृत्व में अनेक सहित अन्य वक्ताओं ने सरकार की इस नीति को जनविरोधी और कर्मचारियों के अधिकारों का हनन करार दिया।
-एलुमनी के छात्र और वित्तमंत्री से मार्मिक आग्रह
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने भिलाई के कल्याण कॉलेज के ही पूर्व छात्र और प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी को विशेष रूप से याद किया। सेवानिवृत्त प्राध्यापकों ने भावुक होकर कहा कि वित्त मंत्री ओपी.चौधरी इसी महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर आज राज्य के उच्च पद पर आसीन हैं। ऐसे में अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें गुरु दक्षिणा के रूप में पेंशन और ग्रेच्युटी की बहाली का निर्णय शीघ्र लेना चाहिए।
-एलुमनी के दिग्गज पहुंचे
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी जायज मांगों पर शीघ्र सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए पेंशन व ग्रेच्युटी बहाल नहीं किए तो यह सांकेतिक आंदोलन आने वाले दिनों में और व्यापक रूप धारण करेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व विद्यार्थी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। महाविद्यालय के एलुमनी और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट राजेश चौहान ने कहा कि गुरुजनों को दुखी करना और संकट में डालना दुखद है। बी.विश्वनाथ ने कहा कि जन प्रतिनिधियों को स्वयं आकर संज्ञान लेना चाहिए। भिलाई में शिक्षा की नींव है कल्याण कालेज और नींव के पत्थर रखने वाले आज सड़क पर उतरने मजबूर हैं। अंजनी कुमार श्रीवास्तव, अल्ताफ अहमद, हरचरण सिंह, प्रभा हुसैन, योगेश गुप्ता, ज्ञानचंद जैन, आचार्य महेश शर्मा, लक्ष्मीपति राजू सहित अनेक पुराने विद्यार्थियों ने सभा को संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में शासन से अपील की है कि पेंशन और ग्रेच्युटी बंद करने का आदेश निरस्त करें। कल्याण महाविद्यालय के धारा 28 के शिक्षक संघ की अध्यक्ष डॉ आरती मिश्रा के साथ शिक्षकों ने आकर समर्थन व्यक्त किया।
-पीएम-सीएम को सौंपा ज्ञापन
बाद में प्रो.हरिनारायण दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम का एक ज्ञापन जिलाधीश दुर्ग को सौंपा। इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, कल्याण कॉलेज एल्युमिनी संघ के अध्यक्ष योगेश गुप्ता, आलोक मिश्रा, विकास सिन्हा सहित आंदोलन में दो सौ से अधिक शिक्षक और उतने ही पूर्व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.