दुर्ग-भिलाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सार्वजनिक जीवन हमारे लिए प्रेरणादायी : सांसद विजय बघेल

932130920261221451001890896.jpg

-17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जिले में होंगे विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी के कार्यक्रम
दुर्ग।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर रविवार को दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने संबोधित किया।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, संकल्प और परिणामों की यात्रा है। यह एक सामान्य परिवार से निकले व्यक्ति के असाधारण पुरुषार्थ की यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनका अनुशासन, समर्पण, राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता और जनता के प्रति सेवा का भाव सभी के लिए प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान उन करोड़ों परिवारों की ओर से धन्यवाद की अभिव्यक्ति है, जिनके जीवन में प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं से सकारात्मक परिवर्तन आया है। प्रधानमंत्री के छत्तीसगढ़ से विशेष अपनत्व का उल्लेख करते हुए बघेल ने कहा कि संगठन के पदाधिकारी के रूप में प्रधानमंत्री मोदी ने बस्तर जैसे सुदूर अंचलों में प्रवास किया। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी छत्तीसगढ़ के साथ विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अनुभवों का आदान-प्रदान होता रहा।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले एक दशक में देश के लगभग 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से देश के 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण इस दौर की सबसे बड़ी पहचान बनी है।
धारा 370 से लेकर नक्सलवाद के खिलाफ अभियान तक का किया उल्लेख
विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की एकता और अखंडता को मजबूती मिली है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 समाप्त करने के साथ ही देश की बाह्य और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया गया। उरी आतंकी हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक और पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर को उन्होंने राजनीतिक नेतृत्व की संकल्प शक्ति का परिणाम बताया।
बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के परिणामस्वरूप देश और छत्तीसगढ़ को दशकों पुरानी नक्सल समस्या से मुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि बस्तर के घने जंगलों से लाल आतंक का सूर्यास्त हुआ है और शांति का नया सूर्योदय हुआ है।
17 सितंबर को घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
सांसद विजय बघेल ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस की शाम 7 बजे पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घर में एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद देने का आह्वान किया। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की विशेष भागीदारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि बच्चों और युवाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। करीब 25 हजार शिक्षण संस्थानों और 50 लाख विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के अंतर्गत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यालय स्तर पर 18 सितंबर को ड्राइंग तथा 19 सितंबर को प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता प्रस्तावित है।
नुक्कड़ नाटक से जनकल्याणकारी योजनाओं का होगा प्रचार
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियों के जरिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा छत्तीसगढ़ में हुए बदलावों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।
‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान जैसी गतिविधियां होंगी। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 23 से 25 सितंबर तक नागरिकों और संस्थाओं को कम से कम एक सेवा कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
29 सितंबर को रंगोली से दिया जाएगा विकसित भारत का संदेश
बघेल ने बताया कि 29 सितंबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत-2047 की भावना पर आधारित रंगोली बनाई जाएगी। इसमें विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी, कलाकार और आम नागरिक भाग लेंगे।
‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में हितग्राहीमूलक योजनाओं के स्वीकृति पत्र प्रदान करने के साथ राजस्व संबंधी प्रकरणों का निराकरण तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा।
जल संरक्षण और नवाचार पर भी रहेगा विशेष जोर
‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत जल स्रोतों की साफ-सफाई, जल चौपाल, जल संचय और नदी घाट स्वच्छता जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को ग्राम, जिला और राज्य स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
युवाओं और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। इसकी अवधारणा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ रखी गई है, जिसमें सेवा और सुशासन के अनुभवों को व्यापक मंच मिलेगा।
बूथ स्तर तक हितग्राहियों से संवाद करेंगे कार्यकर्ता
सांसद विजय बघेल ने कहा कि अभियान के दौरान भाजपा के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी हितग्राहियों तक पहुंचकर उनसे प्रत्यक्ष संवाद करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा अन्त्योदय के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है। यह अभियान समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति से मिलने और संवाद करने का अवसर है।
उन्होंने बताया कि पार्टी के मोर्चे और प्रकोष्ठ अपने-अपने लक्षित वर्गों के बीच सघन संपर्क करेंगे। अभियान की प्रत्येक पहल को सफल बनाने के लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता पूरी प्रामाणिकता से जुटेगा। उन्होंने कहा कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां संचार माध्यमों के जरिए सामने आने से समाज में सकारात्मक वातावरण बनेगा।
सांसद बघेल ने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी मिलकर इसे छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी का उत्सव बनाएं, सेवा के भाव से जुड़ें और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करें।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं सेवा संकल्प अभियान के जिला समन्वयक ललित चंद्राकर, जिला महामंत्री दिलीप साहू, जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम जिला संयोजक विनोद अरोरा तथा मीडिया प्रभारी राजा महोबिया उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी छोड़ें

Data has beed successfully submit

Related News

Advertisement

Popular Post

This Week
This Month
All Time

स्वामी

संपादक- पवन देवांगन 

पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल :  dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

हमारे बारे में

हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।

सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।

logo.webp

स्वामी / संपादक- पवन देवांगन

- बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल : dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

NEWS LETTER
Social Media

Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved

Powered By Global Infotech.