
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग की नवनियुक्त आयुक्त लीना कोसम ने पदभार ग्रहण करते ही शहर की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह उन्होंने करीब चार घंटे तक विभिन्न क्षेत्रों का मॉर्निंग विजिट कर सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों की प्रगति और वार्डों में मूलभूत सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड क्रमांक 25 स्थित अग्रसेन चौक से हुई, जहां सड़क पर पड़े बिल्डिंग मटेरियल और सीएंडडी वेस्ट का आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर निर्माण अपशिष्ट पूरी तरह हटाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
इसके बाद आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 13 की बैंक लेन में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 12 एवं 13 में गीले और सूखे कचरे के पृथक संग्रहण की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी निरीक्षण करना होगा।
वार्ड क्रमांक 12 में विद्युत खंभा क्रमांक 12 एवं 57 का तकनीकी परीक्षण तत्काल कराने के निर्देश भी दिए गए। वहीं गजानंद विहार स्थित प्लॉट के भवन संबंधी भौतिक परीक्षण एवं जांच की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
-मल्टी लेवल पार्किंग का काम जल्द पूरा करने के निर्देश
आयुक्त लीना कोसम ने इंदिरा मार्केट, पुराने बस स्टैंड स्थित मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि शहरवासियों को पार्किंग की सुविधा जल्द उपलब्ध हो सके।
इसके अलावा उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि मूर्ति तैयार हो चुकी है और स्थापना कार्य शेष है। करीब 50 लाख रुपये की लागत वाले इस कार्य का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। आयुक्त ने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने और अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जो निर्माण कार्य किसी कारण से रुके हुए हैं या जिनमें कार्य शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रगति केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि मौके पर वास्तविक प्रगति दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग और मैदानी निरीक्षण जरूरी है।
-पुलगांव गोठान की भी ली जानकारी
मॉर्निंग विजिट के दौरान आयुक्त ने पुलगांव स्थित गोठान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गोठान में वर्तमान में मौजूद गायों की संख्या और समूह में कार्यरत सदस्यों की जानकारी संचालक से ली तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उप अभियंता मोहित मरकाम, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, शोएब अहमद सहित संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.