दुर्ग। महंगाई के दौर में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी राशन व्यवस्था का लाभ समय पर नहीं मिलने को लेकर पूर्व विधायक अरुण वोरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब तीन माह से अंत्योदय कार्डधारियों को राशन दुकानों में शक्कर नहीं मिल पा रही है, जिससे सबसे गरीब परिवारों की परेशानी बढ़ गई है।
वोरा ने कहा कि अनाज और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी पहले ही आर्थिक दबाव में है। ऐसे समय में अंत्योदय कार्डधारियों को मिलने वाली शक्कर भी राशन दुकानों में उपलब्ध नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार की राशन व्यवस्था में लापरवाही का सीधा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके लिए सरकारी राशन ही सबसे बड़ा सहारा है।
उन्होंने कहा कि रोज कमाकर खाने वाले गरीब परिवारों के लोग काम पर जाने के बजाय सुबह से राशन दुकानों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। सितंबर माह के पांच दिन बीत जाने के बावजूद शहर की कई राशन दुकानों में अभी तक पूरा राशन नहीं पहुंचा है। जहां राशन पहुंचा भी है, वहां कई जगह मात्रा अधूरी होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
अरुण वोरा ने कहा कि राशन दुकानों की मशीनों में सही जानकारी अपडेट नहीं होने के कारण दुकानदार भी कई कार्डधारियों को राशन देने में असमर्थता जता रहे हैं। इससे हितग्राही और राशन विक्रेता दोनों परेशान हैं और व्यवस्था का खामियाजा गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है।
वोरा ने प्रशासन से मांग की कि राशन दुकानों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में शक्कर एवं अन्य आवश्यक राशन सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा मशीनों में लंबित जानकारी को तत्काल अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में गरीब परिवारों को राशन के लिए परेशान करना संवेदनहीनता है।
उन्होंने प्रशासन से कहा कि राशन वितरण व्यवस्था को सुचारु करते हुए समय पर और पूरा राशन उपलब्ध कराया जाए, ताकि अंत्योदय परिवारों को बार-बार दुकानों के चक्कर न लगाने पड़ें और वे अपने रोजमर्रा के काम पर ध्यान दे सकें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.