-जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर सुबह से देर रात तक शहर में जुलूस, लंगर और तकरीर सहित कई आयोजनों की रही रौनक

भिलाई। पैगम्बर हजरत मुहम्मद के जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर शहर में बुधवार को सुबह से देर रात तक शहर में कई आयोजन हुए। सुबह के वक्त फजर की नमाज के बाद तमाम मस्जिदों, खानकाहों और मदरसों में परचमे इस्लाम फहराया गया। इस दौरान नारा-ए-तकबीर और नारा-ए-रिसालत से आसमान गूंज उठा। सुबह से दोपहर तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। इस दौरान फातिहा ख्वानी भी हुई।
शहर की तमाम अंजुमनों और मस्जिद कमेटियों की ओर से जुलूस-ए-मुहम्मदी की शुरुआत बुधवार को दोपहर 02 बजे गौसिया मस्जिद केम्प-1 के पास से हुई। जुलूस यहां से लिंक रोड से होते हुआ केम्प - 2, रजा जामा मस्जिद, मदरसा रोड - शीतला कॉम्प्लेक्स से नंदिनी रोड, फ्लाई ओवर ब्रिज पार कर इक्विपमेंट चौक पहुंचा। इसी तरह हाउसिंग बोर्ड की तरफ से आने वाली अंजुमन फौजी नगर, छावनी चौक, नन्दिनी रोड होते हुए पावर हाउस पहुंची और खुर्सीपार जोन 1/2 व जोन-3 से आने वाली तमाम अन्जुमन पावर हाउस होते हुए इक्विपमेंट चौक पहुंची। यहां से जुलूस सेंट्रल एवेन्यू रोड (पंडित रविशंकर शुक्ल मार्ग) से सेक्टर-5 चौक होते हुए शाम 6:00 बजे सेक्टर-6 जामा मस्जिद के ईदगाह मैदान में पहुंचा। जहां तमाम मस्जिदों के इमाम और तमाम आशिके नबी के बीच परचमे इस्लाम फहराया गया। जामा मस्जिद सेक्टर-6 ईदगाह मैदान में मगरिब की नमाज के बाद रहमते आलम कॉन्फ्रेंस रखी गई। जिसमें हसन रजा कादरी कोलकाता ने सीरते नबी का बयान किया। इस जलसे की निजामत गुलाम मोहिउद्दीन रजवी ने की। वहीं शायरे इस्लाम डॉ. जहीरुद्दीन रहबर सहित तमाम शायरों ने हम्द ओ नात का तोहफा पेश किया।

सेक्टर-7 में सुबह निकला जुलूस
हर साल की तरह इस साल भी सेक्टर-7 में निवासरत मुस्लिम समुदाय की ओर से जश्ने ईद मिलादुन्नबी के सिलसिले में जुलूसे मुहम्मदी निकाला गया। यहां सुबह 8:00 बजे हाजी सैयद अनवर अली के घर स्ट्रीट-19 मदरसे से जुलूस ए मोहम्मदी निकला जो मार्केट से होता हुआ सड़क नंबर 25, 26, 28 से सड़क नंबर 37 और वहां से सड़क-30 पंहुचा। यहां से सड़क 32 से होकर सड़क नंबर 29 से होते हुए सड़क 16 पहुंचा और वहां से एवेन्यू से होता हुआ सड़क नंबर 13 ,9 ,8,7 से होकर मदरसा पहुंचा। यहां फातिहा ख्वानी और परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसी तरह ताज दरबार जीई रोड साक्षरता चौक के सामने सुबह 10 बजे परचमे इस्लाम फहराया जाएगा। जुलूसे मुहम्मदी के आयोजन में मुजीब, समीर, फैजान, सगीर खान, अशरफ अली, आसिफ हुसैन, आरिफ हुसैन, इसरार अली, हसीबुद्दीन खान, शाहिद खान और आबान खान सहित सेक्टर-7 के तमाम लोगों की भागीदारी रही।
भिलाई-तीन में भी निकला जुलूसे मुहम्मदी
ईद मिलादुन्नबी पर सैयदी सुन्नी जामा मस्जिद भिलाई-3 में बुधवार को जुलूसे मुहम्मदी निकला। यहां परचम कुशाई की रस्म अदा की गई और फातिहा ख्वानी भी हुई। जुलूस में मदरसों के बच्चों के साथ-साथ तमाम आलिमे दीन नात शरीफ पढ़ते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों से निकले। वापस जुलूस मस्जिद लौटा। जहां दुआए खैर की गई। इन आयोजनों में सैयदी सुन्नी जामा मस्ज़िद भिलाई-3 से रुस्तम खान सदर,नसीम खान सेक्रेटरी, रईस अहमद कैशियर, मोहम्मद तौसीफ , तौहीद खान,अब्दुल हुसैन,मोहम्मद आरिफ,मोहम्मद हाशमी,अबुल हसन, तौसीफ हनफी, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद इमरान,मोहम्मद लतीफ ,अजहर खान मोहम्मद हाशमी ,फारूक चौहान,अब्दुल रियाज और अब्दुल लतीफ़ सहित अन्य लोगों का योगदान रहा।

ग्राम कंडरका में दिखी हिंदु-मुस्लिम एकता की झलक
कुम्हारी के समीपस्थ ग्राम कंडरका में जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर स्थानीय लोगों ने भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की। यहां ग्रामीणों ने ईद मिलादुन्नबी को विश्व अमन दिवस के तौर पर मनाया। जिसमें आसपास के 20-25 गांव में निवासरत हिंदु-मुस्लिम बिरादरी के लोग जुलूस में शामिल हुए। जुलूस के दौरान नात पाक पेश की गई और रास्ते भर फल, बिस्किट व मिठाई बांटी गई। साहित्यकार डॉ. परदेशीराम वर्मा ने बताया कि उनके गांव कंडरका में हिंदु-मुस्लिम एकता की 100 साल से भी पुरानी परंपरा है और यहां हर त्यौहार दोनों समुदाय के लोग मिल कर मनाते हैं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.