-महमरा घाट से पवित्र जल लेकर शिवलिंग का किया जलाभिषेक, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा औद्योगिक नगर
दुर्ग। सावन मास के पावन अवसर पर गंगा सरोवर कांवरिया संघ, औद्योगिक नगर द्वारा भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। शिवनाथ नदी के महमरा घाट से पवित्र जल लेकर निकली कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ शिवनाथ नदी स्थित महमरा घाट से हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शिवनाथ नदी का पवित्र जल कांवड़ में भरा और भगवान महादेव के जलाभिषेक के लिए यात्रा प्रारंभ की। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए वार्ड क्रमांक 17-18, औद्योगिक नगर स्थित तालाब परिसर पहुंची।
यहां स्थापित भगवान महादेव की विशाल प्रतिमा एवं शिवलिंग का शिवनाथ नदी से लाए गए पवित्र जल से विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
तीन वर्षों से आस्था और उत्साह के साथ आयोजित हो रही कांवड़ यात्रा
गंगा सरोवर कांवरिया संघ के सदस्यों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन लगातार तीसरे वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। कांवड़ यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव के प्रति आस्था प्रकट करने के साथ समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भावना का संदेश देना है। यात्रा में सभी वर्गों के लोगों ने सहभागिता कर धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का परिचय दिया।
यह पूरा आयोजन वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद एवं लोककर्म प्रभारी देवनारायण चंद्राकर तथा वार्ड क्रमांक 17 की पार्षद सुरुचि उमरे के संरक्षण में संपन्न हुआ। आयोजन की पूरी व्यवस्था शिव गंगा सरोवर समिति दुर्ग के अध्यक्ष नीलेश सिन्हा एवं सचिव भास्कर तिवारी के नेतृत्व में की गई।
जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठजन हुए शामिल
कांवड़ यात्रा एवं जलाभिषेक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, अरुण सिंह, जय राजपूत, अंजू तिवारी, कांति सिन्हा, सुसमा सिंह एवं क्षमा देशमुख सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा पार्षदगण सावित्री दमाहे, रंजीता पाटिल, युवराज कुंजाम, मन्नू साहू, बलराम यादव, मौसमी ताम्रकार, आशीष पांडेय, राहुल चंद्राकर, राजा साहू, दानेश्वर साहू एवं कार्तिक सिन्हा सहित अन्य पार्षद, वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अंत में भगवान महादेव के जयघोष के साथ कांवड़ यात्रा एवं जलाभिषेक कार्यक्रम का समापन हुआ। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष ने पूरे औद्योगिक नगर को शिवभक्ति से सराबोर कर दिया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.