होम / दुर्ग-भिलाई / भूमि बेचने का झांसा देकर 8 लाख की ठगी, दंपती गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। भूमि विक्रय के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपियों ने एक ही भूमि का सौदा कई लोगों से कर उनसे ब्याना और उधारी के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने थाना पुलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम दमोदा निवासी नोकेश देशमुख एवं नेहा देशमुख ने ग्राम अंजोरा स्थित खसरा नंबर 615/10, रकबा 0.0115 हेक्टेयर, प्लॉट नंबर-08 को 5.50 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया। इस दौरान प्रार्थी से ऑनलाइन एवं नकद माध्यम से 5.20 लाख रुपये तथा व्यवसायिक आवश्यकता बताकर उसकी माता से एनईएफटी के जरिए 2.80 लाख रुपये ले लिए। इस प्रकार आरोपियों ने कुल 8 लाख रुपये प्राप्त कर लिए, लेकिन भूमि की रजिस्ट्री नहीं कराई।
बाद में प्रार्थी ने ऑनलाइन भूइयां पोर्टल पर जांच की तो पता चला कि संबंधित भूमि पहले से ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है। पुलिस विवेचना में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने इसी भूमि के नाम पर दीपक कुमार चौबे, दुर्गा शर्मा, दिनेश कुमार पाण्डे सहित अन्य लोगों से भी ब्याना राशि लेकर धोखाधड़ी की है।
मामले की जांच के बाद पुलगांव पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने प्रकरण से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य एवं बैंकिंग लेन-देन संबंधी अभिलेख भी जब्त किए हैं। साथ ही अन्य संभावित पीड़ितों और धोखाधड़ी से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधू, उप निरीक्षक बेदराम चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक पुष्पकराज, प्रधान आरक्षक शकुन्तला राठिया तथा सहायक उप निरीक्षक सुभाष साहू की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूमि की खरीद-बिक्री से पहले संबंधित दस्तावेजों एवं स्वामित्व का विधिवत सत्यापन अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.