दुर्ग/भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में संगठित रूप से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस मामले की विवेचना के साथ अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स और एचआईए हथखोज क्षेत्र में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बड़ी मात्रा में लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली। परिसर में भी भारी मात्रा में लौह स्क्रैप का अवैध भंडारण पाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले चार-पांच महीनों से योजनाबद्ध तरीके से बीएसपी से फ्लू डस्ट के साथ लौह स्क्रैप चोरी कर उसे ए.के. ट्रेडर्स में एकत्रित कर अवैध रूप से बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। पुलिस ने मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप, परिवहन में प्रयुक्त हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनरी जब्त की थी। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंका गया है, जिसमें करीब 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप शामिल है।
विवेचना के दौरान बीएसपी के दो कर्मचारियों हिमांशु भूषण मलिक (54 वर्ष), निवासी भिलाई तथा मनोज कुमार देवांगन (58 वर्ष), निवासी रिसाली की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की भूमिका स्क्रैप चोरी के संगठित नेटवर्क में पाई गई है।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि मामले में तकनीकी विश्लेषण और लगातार साक्ष्य जुटाने के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा प्रकरण में आगे भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी, अवैध कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.