दुर्ग। शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या अब नागरिकों के लिए गंभीर समस्या बनते जा रही है। विभिन्न वार्डों में लगातार कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व सभापति राजकुमार नारायणी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल अलग नजर आती है। यदि वास्तव में प्रभावी कार्रवाई की गई होती, तो शहर के चौक-चौराहों और गलियों में आवारा कुत्तों के झुंड दिखाई नहीं देते। कांग्रेस नेता राजकुमार नारायणी ने कहा कि जेवरा सिरसा में लाखों रुपये की लागत से बनाए गए डॉग हाउस का भी अब कोई अस्तित्व नहीं बचा है, जिससे समस्या और बढ़ गई है, वहीं सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बनाए गए फीडिंग जोन की भी उपेक्षा की जा रही है, जहां भोजन की समुचित व्यवस्था नगर निगम द्वारा नहीं की जा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि नसबंदी और टीकाकरण के बाद कुत्तों के गले में टैग लगाया जाना चाहिए, ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके। लेकिन निगम द्वारा ऐसी पारदर्शी व्यवस्था नहीं अपनाई जा रही, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। कांग्रेस नेता श्री नारायणी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। उन्होंने नगर निगम से तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई, ताकि शहरवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके और वे सुरक्षित माहौल में जीवन यापन कर सकें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.