समर्पण दिवस के रूप में मनाई गई 58वीं पुण्यतिथि, संगोष्ठी का आयोजन

दुर्ग। एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान संगठनकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 58वीं पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर समर्पण दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में दुर्ग बस स्टैंड के सामने हाउसिंग बोर्ड परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके पश्चात एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मीशा बंदी राम पाटणकर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि “एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्वप्न को हम सभी को मिलकर पूर्ण करना है। वे एक गम्भीर दार्शनिक, गहन चिंतक एवं समर्पित संगठनकर्ता थे, जिन्होंने सार्वजनिक जीवन में शुचिता एवं गरिमा के उच्चतम मानदंड स्थापित किए। उनका राजनीतिक दर्शन मानव की आवश्यकताओं एवं प्रकृति के अनुरूप वैकल्पिक जीवन दर्शन प्रस्तुत करता है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान हेतु निरंतर कार्य करते रहें।
मुख्य वक्ता मीशा बंदी राम पाटणकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि सन 1950 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के मंत्रिमंडल से त्यागपत्र के पश्चात वैकल्पिक राजनीतिक मंच के सृजन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की संगठन क्षमता अद्वितीय रही। वर्ष 1968 में भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने राष्ट्रवाद एवं भारतीय संस्कृति के विचार को देशभर में विस्तार दिया। उन्होंने कहा कि “अनेकता में एकता की भावना भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जिसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद के रूप में प्रस्तुत किया।”
वरिष्ठ भाजपा नेता चैनसुख भट्ठड़ ने कहा कि “अंत्योदय का मंत्र आज भी हमें यह स्मरण कराता है कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति का सशक्तिकरण नहीं होगा, तब तक राष्ट्र सशक्त नहीं हो सकता। उनके विचार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की भावना को निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे।”
कार्यक्रम में महापौर अलका बाघमार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रिका चंद्राकर, आर्थिक प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक शिव चंद्राकर, जिला महामंत्री विनोद अरोरा, सभापति श्याम शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री कुमुद बघेल सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक शैलेंद्र शैंडे ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला सह मंत्री एवं सह संयोजक राहुल पंडित द्वारा किया गया।
समर्पण दिवस कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.