देश-विदेश के संतों, श्रद्धालुओं और गणमान्यजनों ने दी श्रद्धांजलि
दुर्ग। शिव शांति आश्रम लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के पीठाधीश्वर, सम्पूर्ण सिंधी समाज के प्रेरणास्रोत और संत शिरोमणी साईं चांडुराम साहिब 15 अक्टूबर 2025 को ब्रम्हलीन हो गए। उनके निधन से संपूर्ण देश और विदेश के अनुयायियों, संतों तथा समाजजनों में गहरा शोक व्याप्त है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देश के करोड़ों अनुयायियों ने पूज्य संत जी के ब्रम्हलीन होने पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इसी क्रम में, संत साईं चांडुराम साहिब की अस्थि कलश यात्रा का आयोजन 11 नवम्बर 2025 को दुर्ग में किया जा रहा है। यह यात्रा शाम 5 बजे संत बाबा आसूदाराम सत्संग भवन से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड स्थित सिंधु भवन पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।
इसके पश्चात शाम 6 बजे सिंधु भवन में पूज्यनीय संत जी की पावन स्मृति में पुण्य स्मरण सभा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं द्वारा संत जी के जीवन, उनके उपदेशों और समाजहित में किए गए कार्यों का स्मरण किया जाएगा।
पूज्य सिंधी जनरल पंचायत दुर्ग के अध्यक्ष अटल गोदवानी, महासचिव प्रोफेसर डी. भावनानी, तथा संत बाबा आसूदाराम सेवा समिति छत्तीसगढ़ जोनल अध्यक्ष हेमंत खत्री ने समस्त समाजजनों और श्रद्धालुओं से इस दिव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पूज्य संत जी के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।
पूज्य साईं चांडुराम साहिब का जीवन सदैव प्रेम, सेवा और मानवता को समर्पित रहा। उन्होंने अपने उपदेशों के माध्यम से समाज को एकता, करुणा और आध्यात्मिक मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा दी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.