रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव व विधायक देवेंद्र यादव के निवास पर सीबीआई की टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है जब भाजपा सरकार पर लगातार विपक्ष के दमन के आरोप लग रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा सुबह से ही भूपेश बघेल के निवास पर मौजूद रहे और भाजपा सरकार पर सीधे निशाना साधते हुए इसे "राजनीतिक प्रतिशोध" करार दिया।
दोपहर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज भी मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ भूपेश बघेल के निवास पहुँचे और इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। कांग्रेस नेताओं ने इसे "लोकतंत्र की हत्या" बताते हुए भाजपा पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
-"भाजपा अपने गिरते हुए जनाधार से घबराई हुई है" - अरुण वोरा
जैसे ही छापेमारी की खबर मिली, अरुण वोरा तुरंत भूपेश बघेल के निवास पहुँचे और बाहर मौजूद मीडिया से दो-टूक बात कही। उनके साथ दुर्ग के पूर्व महापौर आर. एन. वर्मा और भिलाई नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद शिजू एंथोनी भी मौजूद थे।
अरुण वोरा ने कहा: "यह घटनाक्रम बेहद दुर्भाग्यजनक है। भारतीय जनता पार्टी ने पिछले डेढ़ साल में धरातल पर कोई भी ठोस कार्य नहीं किया है। जो भी योजनाएँ बनीं, वे सिर्फ कागजों में सिमटकर रह गईं। अब अपने गिरते जनाधार को देखकर भाजपा भयभीत और चिंतित है। जनता का ध्यान भटकाने और कांग्रेस नेतृत्व को परेशान करने के लिए अलग-अलग एजेंसियों द्वारा कांग्रेस नेताओं के यहाँ छापे मारे जा रहे हैं।"
वोरा ने आगे कहा "कांग्रेस एक साफ-सुथरी नेतृत्व वाली पार्टी है, जो भ्रष्टाचार नहीं करती। भाजपा सरकार विपक्ष को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन कांग्रेस का हर सिपाही बेहद मज़बूत है और भाजपा की किसी भी साजिश से डरने वाला नहीं है।"
-भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के समर्थन में कांग्रेस एकजुट
सीबीआई की इस कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। कई वरिष्ठ नेताओं ने इसे "लोकतंत्र पर हमला" करार दिया है और खुलकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.