हॉकी मैदान में परिवर्तन यात्रा के आमसभा को लेकर भाजपा नेताओं व हॉकी संघ के बीच टकराव

हॉकी मैदान में परिवर्तन यात्रा के आमसभा को लेकर भाजपा नेताओं व हॉकी संघ के बीच टकराव

-जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों की पहल पर विवाद का हुआ निपटारा
-मैदान खराब होने का हवाला देते हुए हॉकी संघ ने आमसभा के आयोजन पर जताई थी आपत्ति 
दुर्ग। सिविल लाइन शीतला मंदिर के सामने स्थित हॉकी मैदान में 21 सितंबर को भाजपा के परिवर्तन यात्रा के दौरान आमसभा के आयोजन को लेकर मंगलवार को भाजपा नेताओं और जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियो के बीच विवाद की स्थिति बनी। जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियो ने मैदान खराब होने का हवाला देते हुए भाजपा के इस आमसभा आयोजन पर आपत्ति जताई गई थी, जिसके जवाब में भाजपा नेताओं द्वारा हॉकी मैदान में आमसभा के लिए जिला प्रशासन से प्राप्त अनुमति पत्र पेश किया गया। दोनों पक्षों के अपने-अपने तर्क से मौके पर गहमागहमी का आलम रहा। सूचना पर दलबल समेत पहुंचे पुलिस अधीक्षक (शहर) संजय ध्रुव ने दोनों पक्षों को समझाइस देकर विवाद का निपटारा किया। जिसके बाद भाजपा नेताओं द्वारा हॉकी मैदान में आमसभा आयोजन की तैयारी तेज कर दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश भाजपा के नेतृत्व में निकाली गई परिवर्तन यात्रा 21 सितंबर को दुर्ग पहुंचेगी।इस दौरान सिविल लाइन शीतला मंदिर के सामने स्थित हॉकी मैदान में भाजपा द्वारा विशाल आमसभा का आयोजन किया गया है। आमसभा की तैयारी को लेकर जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारी व कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं। मंगलवार को सभा स्थल हॉकी मैदान का जायजा लेने भाजपा के पदाधिकारी पहुंचे, तो उन्हें मैदान के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लटकते हुए मिला। जिससे भाजपा नेताओं द्वारा जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मैदान खराब होने का हवाला देते हुए सभा आयोजन पर अपनी आपत्ति जाहिर की, हालांकि इस दौरान भाजपा नेताओं द्वारा हॉकी मैदान में आमसभा आयोजन के लिए प्रशासन की अनुमति मिलने का भी जिक्र किया गया, लेकिन बात नहीं बन पाई थी। 

फलस्वरुप जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, महामंत्री सुरेंद्र कौशिक, वरिष्ठ भाजपा नेता चतुर्भुज राठी, पार्षद देवनारायण चंद्राकर, दीपक चोपड़ा व अन्य नेता मौके पर पहुंचे और उन्होंने वस्तुस्थिति से जिला प्रशासन के अधिकारियों को अवगत कराया। जिससे हरकत में आए जिला प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी से चर्चा कर उन्हें मौके पर बुलवाया। हॉकी संघ के पदाधिकारी को समझाइस दी गई और हॉकी मैदान के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे ताला को खुलवाया गया। भाजपा नेताओं व जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी के बीच विवाद की स्थिति में मौके पर गहमागहमी की स्थिति निर्मित रही। दोनों पक्षों के बीच विवाद का निपटारा होने से जिला प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारियों ने भी राहत की सांसे ली है। भाजपा नेताओं ने बताया कि  हॉकी मैदान में 21 सितंबर की दोपहर 12 बजे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। आमसभा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, महामंत्री ओपी चौधरी के अलावा भाजपा के अन्य प्रादेशिक व स्थानीय नेता शिरकत करेंगे। आमसभा आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण पर है।