लौहारीडीह कांड के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठे साहू समाज के युवा

लौहारीडीह कांड के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठे साहू समाज के युवा

-पीड़ित परिवार व निर्दोषों को न्याय दिलाने उठाई आवाज
दुर्ग। कवर्धा विधानसभा अंतर्गत ग्राम लौहारीडीह कांड के खिलाफ साहू समाज ने आंदोलन का विस्तार कर दिया है। धरना-प्रदर्शन के बाद अब जिला साहू संघ के युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने सोमवार को हिन्दी भवन के सामने आमरण अनशन पर बैठकर पीड़ित परिवार व निर्दोषों के साथ न्याय और दोषी प्रशासनिक तंत्र के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की आवाज उठाई गई। मांगों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया है। मांगो में लौहारीडीह कांड में निर्दोष 70 से अधिक लोगों की तत्काल रिहाई, मृतक प्रशांत साहू के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी या 1 करोड़ रुपए का मुआवजा राशि देने, पीड़ित परिवार की भोजन व चिकित्सा व्यवस्था के अलावा दोषी प्रशासनिक लोगों के खिलाफ कार्यवाही शामिल है। यह एक दिवसीय आमरण अनशन जिला साहू संघ के युवा प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश साहू के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ जिला संगठन सचिव रघुवीर साहू, संगठन के धनंजय साहू, राकेश साहू ने आमरण अनशन पर बैठकर लौहारीडीह कांड के खिलाफ आक्रोश जताया। जिला साहू संघ के युवा प्रकोष्ठ के आमरण अनशन को व्यापक समर्थन मिला है। आमरण अनशन स्थल पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री राजेन्द्र साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, नगर निगम एमआईसी सदस्य दीपक साहू, संजय कोहले,प्रदेश साहू संघ उपाध्यक्ष भीखम साहू के  अलावा अन्य समाज व संगठनों के सदस्यों ने पहुंच कर युवा प्रकोष्ठ की मांगो को जायज बताते हुए आमरण अनशन आंदोलन को समर्थन दिया गया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री राजेन्द्र साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल ने संयुक्त रुप से कहा है कि लौहारीडीह कांड प्रदेश की पहली ऐसी घटना है, जिसमें दोषियों को प्रशासन व पुलिस का संरक्षण मिला है। इससे स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। घटना से साहू समाज में आक्रोश है। लगातार यह समाज न्याय की मांग कर रहा है,लेकिन शासन व प्रशासन द्वारा उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। कांग्रेस की न्याययात्रा भी प्रदेश में बढ़ते अपराध व अन्याय के खिलाफ निकाली गई थी। लौहारीडीह कांड की जितनी निंदा की जाए वह कम है। प्रदेश की भाजपा सरकार को पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ घटना में निर्दोष लोगों की तत्काल रिहाई का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। आमरण अनशन आंदोलन को सन्नी साहू, कुलदीप साहू, सुनील साहू, हर्ष साहू, नवीन साहू, कुलेश्वर प्रसाद साहू, पोषण साहू, प्रीति साहू, हेमा साहू, हरीश साहू, नितेश कुमार, राकेश साहू, उमाशंकर साहू, उमेश साहू के अलावा अन्य लोगों ने समर्थन दिया है।