-35 लाख की लागत से बना साइबर थाना दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले के साइबर अपराधों की करेगा विवेचना, नशे के खिलाफ जागरूकता, कार्रवाई और पुनर्वास पर रहेगा अभियान का फोकस

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार, 24 नवंबर को दुर्ग रेंज के नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। लगभग 35 लाख रुपये की लागत से महिला थाना सेक्टर-6, भिलाई के समीप निर्मित इस भवन का मुख्यमंत्री ने विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ का पोस्टर विमोचन कर शुभारंभ भी किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी लोकार्पण किया। इन दोनों पुलिस अधोसंरचनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस सेवाओं की उपलब्धता और साइबर अपराधों पर नियंत्रण को मजबूती मिलेगी।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री श्री साय ने नवीन साइबर क्राइम थाना भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विजिटर बुक में शुभकामना संदेश अंकित किया तथा रोजनामचा में भी कार्यक्रम की प्रविष्टि की।
नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का कार्यक्षेत्र दुर्ग रेंज के अंतर्गत आने वाले दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा तीन जिलों तक विस्तारित रहेगा। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध तथा अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जटिल साइबर अपराधों की विवेचना, डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी थाना की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
-तीन स्तरीय कार्ययोजना से चलेगा ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ का पोस्टर विमोचन कर अभियान की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
दुर्ग पुलिस ने इसके लिए तीन स्तरीय कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत गांवों, वार्डों, शिक्षण संस्थानों और परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। दूसरे चरण में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं तीसरे चरण में नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का मानना है कि नशे की समस्या का समाधान केवल कार्रवाई से संभव नहीं है, बल्कि जागरूकता, उपचार और सामाजिक सहयोग भी जरूरी है।

-साइबर अपराध और नशे से संबंधित सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए साइबर अपराध एवं नशे से संबंधित सूचना और सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। इनमें मानस हेल्पलाइन 1933 तथा एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन 94791-5151 शामिल हैं। साइबर ठगी का शिकार होने पर नागरिकों से तत्काल 1930 पर संपर्क करने की अपील की गई है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
-दिग्गज जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा एवं ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव तथा दुर्ग सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, जिला दंडाधिकारी दुर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

- दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। साथ ही नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं और नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करें।
नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन और संकल्प अभियान के माध्यम से दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में समन्वित पहल की है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.