-बच्चों ने माता-पिता से की हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और तेज रफ्तार से बचने की अपील, कहा- सुरक्षित घर लौटना है, हमें आपका इंतजार है
दुर्ग। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा अनूठी पहल की जा रही है। इसी कड़ी में 17 नवंबर को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रिसाली के विद्यार्थियों को ट्रैफिक पार्क का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने यातायात नियमों की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही स्वयं सड़क सुरक्षा के संदेशवाहक बनकर अपने माता-पिता, परिजनों और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
ट्रैफिक पार्क में यातायात पुलिस के जवानों ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल, विभिन्न सड़क संकेतकों, जेब्रा क्रॉसिंग और सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों की व्यावहारिक जानकारी दी। बच्चों को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया गया कि सड़क पर चलते समय किन सावधानियों का ध्यान रखना जरूरी है और यातायात नियमों का पालन करके दुर्घटनाओं से किस प्रकार बचा जा सकता है।
विद्यार्थियों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य सुरक्षा उपाय हैं। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा सड़क पर हमेशा सतर्क रहने की समझाइश दी गई।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पहलू तब देखने को मिला, जब बच्चों ने स्वयं अपने माता-पिता और परिजनों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। बच्चों ने भावुक अपील करते हुए कहा, "मम्मी-पापा, हेलमेट पहनकर ही गाड़ी चलाना, कार में सीट बेल्ट लगाना, तेज रफ्तार से बचना और गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात मत करना। सुरक्षित घर लौटना है, हमें आपका इंतजार है।"
बच्चों की इस अपील के माध्यम से यातायात पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। बच्चों के माध्यम से परिवारों तक यातायात नियमों के पालन का संदेश पहुंचाने की यह पहल जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
दुर्ग यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने से बचें तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। साथ ही बच्चों को भी यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.