होम / दुर्ग-भिलाई / दुर्ग पुलिस का अवैध जुआ के खिलाफ जिलेभर में बड़ा अभियान, चार दिन में 289 जुआरी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
-89 प्रकरण दर्ज, 2 लाख 70 हजार 310 रुपये नगद और ताश की 89 गड्डियां जब्त
दुर्ग। जिले में अवैध जुआ और सार्वजनिक स्थानों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 6 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक चले इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कुल 89 अलग-अलग जुआ प्रकरण दर्ज किए। इन मामलों में 289 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए 2 लाख 70 हजार 310 रुपये नगद और 52 पत्तों वाली ताश की 89 गड्डियां जब्त की गईं।
दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में अवैध जुआ एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में जुआ खेलने की सूचनाएं मिलने पर संबंधित थाना एवं चौकी क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक एवं अन्य स्थानों पर समूह बनाकर ताश के पत्तों के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस ने मौके से जुआ खेलने में प्रयुक्त नगदी एवं ताश की गड्डियां जब्त कर सभी मामलों में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सूचना संकलन, संदिग्ध स्थानों की निगरानी और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से जुआ गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया।
-जिले के 21 से अधिक थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कार्रवाई
यह अभियान नेवई, वैशाली नगर, सुपेला, स्मृतिनगर, दुर्ग, मोहन नगर, पुलगांव, पद्मनाभपुर, पुरानी भिलाई, जामुल, कुम्हारी, छावनी, पाटन, धमधा, खुर्सीपार, बोरी, नंदिनी नगर, उतई, जामगांव, अमलेश्वर एवं रानीतराई सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चलाया गया। इसके अलावा नगपुरा, जेवरा सिरसा और अंजोरा क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई।
-85 प्रमुख आरोपियों के नाम जारी
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इन प्रकरणों में 85 प्रमुख आरोपियों एवं समूहों के नाम सामने आए हैं। इनमें नेवई क्षेत्र से हेमराज कन्देला, हरवन कुमार कोसरिया, राकेश साहू, गोलू निर्मलकर, जितेन्द्र नायर एवं पंकज कुमार चन्द्राकर शामिल हैं। वैशाली नगर से नरेन्द्र साव, शेख रोशन, दिनेश साव, बबलू सोनवानी, दीपक नवारे, भरतलाल साहू एवं मेहबूब खान के नाम शामिल हैं।
इसी प्रकार सुपेला से अंकित निवारे, प्रमोद साय, अनिल वानखेड़े, कुमार दास वैष्णव एवं तोरण साहू; स्मृतिनगर से खिलेश्वर साहू एवं कृष्णा जंघेल; दुर्ग से सूरज सोनी तथा मोहन नगर से पप्पू देवांगन, अकबर, चन्द्रशेखर राजपूत एवं खेलन चन्द्राकर के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
पुलिस की सूची में नगपुरा, जेवरा सिरसा, अंजोरा, पुलगांव, पद्मनाभपुर, पुरानी भिलाई, जामुल, छावनी, कुम्हारी, पाटन, बोरी, धमधा, खुर्सीपार, नंदिनी नगर, उतई, जामगांव, अमलेश्वर एवं रानीतराई क्षेत्रों के आरोपियों के नाम भी शामिल हैं। प्रत्येक प्रकरण में इनके साथ अन्य व्यक्ति भी संलिप्त पाए गए हैं।
-अवैध गतिविधियों पर लगातार रहेगी निगरानी
इस अभियान में संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने समन्वित रूप से कार्रवाई की। सूचना संकलन, संदिग्ध स्थानों की निगरानी और मौके पर त्वरित दबिश देने में विवेचकों एवं पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध जुआ खेलने अथवा खिलाने जैसी गतिविधियों से दूर रहें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं को बढ़ावा देता है तथा इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी लगातार निगरानी रखकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.