
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत शुक्रवार को दुर्ग शहर के महेश कॉलोनी स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण में आमसभा का आयोजन किया गया। आमसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर जमकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाकर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि भारत प्रजातंत्र की जननी और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। यहां की चुनावी प्रक्रिया की पूरी दुनिया में सराहना होती है, लेकिन कांग्रेस चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट सहित अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतंत्र की छवि खराब करने में लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जब चुनाव जीतते हैं तो उन्हें चुनावी प्रक्रिया पर कोई आपत्ति नहीं होती, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनाव व्यवस्था को दोष देने लगते हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस की यह राजनीति जनता को समझने की जरूरत है।

श्री नड्डा ने कांग्रेस को प्रजातंत्र विरोधी पार्टी बताते हुए आपातकाल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में आपातकाल के दौरान करीब 1 लाख 30 हजार लोगों को जेल में डालकर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया था। ऐसे में कांग्रेस का आज लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात करना उचित नहीं लगता। उन्होंने हालिया एमएलसी चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि 28 सीटों में कांग्रेस को केवल एक सीट पर जीत मिली। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पार्टी चार में से एक भी सीट हासिल नहीं कर सकी।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर उन्होंने कहा कि देश में अब तक 12 बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें से 10 बार कांग्रेस के शासनकाल में और दो बार भाजपा के शासनकाल में यह प्रक्रिया पूरी की गई। वर्तमान में भी यह प्रक्रिया जारी है। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से करीब 13 करोड़ नाम हटाए गए हैं। श्री नड्डा ने कहा कि यह देशभक्तों और देशविरोधी तत्वों के बीच की लड़ाई है। देश की व्यवस्था घुसपैठियों के सहारे नहीं चलने दी जाएगी। कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, जिसका भाजपा हर स्तर पर विरोध करेगी।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने कार्यों से जनता का दिल जीता है और वे दूसरी बार भी मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार में रहकर अच्छा काम करने वालों को जनता स्वयं समर्थन देती है। राहुल गांधी को भी जनता को गुमराह करने के बजाय उनका विश्वास जीतने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है और तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाने में सफल नहीं होगी।
आमसभा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल एवं विधायक रिकेश सेन ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कांग्रेस की नीतियों और विपक्ष की भूमिका की आलोचना करते हुए भाजपा के अभियान के उद्देश्यों को सामने रखा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, दुर्ग संभाग प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन एवं ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पांडेय, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, सिंध अकादमी बोर्ड अध्यक्ष सुषमा जेठानी, महापौर अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, सभापति श्याम शर्मा, भाजपा नेता कांतिलाल बोथरा एवं शिव चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और संगठन के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

आमसभा के पश्चात श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण, महेश कॉलोनी से गंजपारा चौक तक विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के माध्यम से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रम के विरुद्ध जनजागरण किया गया। भाजपा का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक प्रक्रियाओं के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करना और विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देना है।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक व्यवस्थाओं और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध रही है। एसआईआर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। विपक्ष द्वारा इस प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने के प्रयासों के बीच भाजपा जनजागरण के माध्यम से जनता के सामने वास्तविक पक्ष रख रही है।आयोजन को सफल बनाने में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, महापौर अलका बाघमार, जिला भाजपा महामंत्री दिलीप साहू, एल्डरमैन तेखन सिन्हा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार एवं अशोक राठी, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश (राकेश) सेन, भाजपा कार्यालय प्रभारी मोहम्मद आसिफ अली, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, संतोष सोनी एवं डॉ. सुनील साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.