होम / दुर्ग-भिलाई / फॉरेक्स ट्रेडिंग इंस्टीट्यूट में निवेश के नाम पर 18.63 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
-मुनाफे का प्रलोभन देकर संस्थान के संचालन और अन्य खर्चों के नाम पर ली गई थी राशि, सुपेला पुलिस ने कार भी की जब्त
भिलाई/दुर्ग। फॉरेक्स ट्रेडिंग एवं प्रशिक्षण संस्थान के संचालन और निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाने का प्रलोभन देकर 18 लाख 63 हजार 675 रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में थाना सुपेला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने मामले में एक कार भी जब्त की है। प्रार्थी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर प्रकरण की विवेचना शुरू की थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को प्रार्थी अक्षय राठौर ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी कृषि व्यवसाय से जुड़ा है और एक परिचित के माध्यम से उसकी पहचान मीनल चौहान से हुई थी। आरोप है कि मीनल चौहान ने रायपुर के करेंसी टावर, वीआईपी चौक में फिनविजन (Finvision) एवं फिनविजन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के नाम से फॉरेक्स एवं ट्रेडिंग प्रशिक्षण संस्थान शुरू करने तथा इसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने की बात कही थी।-संस्थान के खर्चों के नाम पर दी गई 21.96 लाख रुपये की राशि
शिकायत के अनुसार, आरोपी के कहने पर दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच संस्थान के संचालन के लिए अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से कुल 21 लाख 96 हजार 675 रुपये उपलब्ध कराए गए। यह राशि संस्थान के स्टाफ के वेतन, कार्यालय किराए, मेंटेनेंस, विज्ञापन, सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए दी गई थी।
प्रार्थी का आरोप है कि दी गई कुल राशि में से लगभग 3 लाख 33 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि शेष 18 लाख 63 हजार 675 रुपये वापस नहीं मिले। इसके बाद प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में निवेश और संस्थान के संचालन के नाम पर राशि प्राप्त कर धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
-बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज
शिकायत के आधार पर थाना सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 1389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 351(3) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी मीनल चौहान (35 वर्ष), निवासी मदर टेरेसा नगर, ओम शांति चौक के पास, भिलाई, थाना छावनी, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
-एक कार जब्त, पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस प्रकरण में पुलिस ने एक कार जब्त की है। कार्रवाई में थाना सुपेला के थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह, सहायक उपनिरीक्षक राजेश तिवारी, आरक्षक गौरव दुबे एवं आरक्षक किशोर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
-निवेश से पहले जांच-पड़ताल करने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि फॉरेक्स ट्रेडिंग, निवेश या किसी व्यवसाय में धन लगाने से पहले संबंधित संस्था की वैधानिकता, पंजीयन और निवेश संबंधी शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लें। अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति या संस्था को राशि हस्तांतरित न करें। लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और बैंक विवरण सुरक्षित रखें। किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.