-नक्सलवाद के खात्मे में गृह मंत्री की भूमिका सराहनीय, जनसेवा के बजाय आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे कांग्रेस नेता
बेमेतरा/कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के खिलाफ कांग्रेस नेता तुकाराम चंद्रवंशी द्वारा की जा रही बयानबाजी पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी मूलचंद शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि विजय शर्मा ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाकर प्रदेश में शांति स्थापित करने और विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे जनप्रतिनिधि के खिलाफ लगातार आरोप लगाना राजनीतिक हताशा और पूर्वाग्रह को दर्शाता है।
मूलचंद शर्मा ने कहा कि गृह मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर के दुर्गम और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नक्सलवाद के उन्मूलन के अभियान को मजबूती देने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नक्सलमुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विजय शर्मा की कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण को देख रही है।
उन्होंने कहा कि विजय शर्मा आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और उनके निराकरण का प्रयास करते हैं। इसके विपरीत, कांग्रेस नेताओं को केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने के बजाय जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करना चाहिए। चमचमाती गाड़ियों में घूमने और कैमरे के सामने बयान देने से जनविश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। जनता का विश्वास सेवा, समर्पण और जवाबदेही से जीता जाता है।
-कांग्रेस पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दे
मूलचंद शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस आज जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाने के बजाय आरोपों की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं को भ्रष्टाचार के संबंध में कोई शिकायत है तो उन्हें तथ्यों और प्रमाणों के साथ सक्षम एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कवर्धा में उठाए जा रहे कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि जांच से सच्चाई सामने आनी चाहिए।
-चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर भी साधा निशाना
कांग्रेस के वोट चोरी अभियान और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने को लेकर भी मूलचंद शर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। मतदाता सूची में दोहरे नाम, मृत मतदाताओं के नाम और स्थान परिवर्तन जैसी विसंगतियों की नियमानुसार जांच एवं सुधार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने आरोपों के समर्थन में ठोस तथ्य प्रस्तुत करने चाहिए।
-प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को बताया प्रेरणादायी
मूलचंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति उनके समर्पण को रेखांकित करना सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न जनभागीदारी अभियानों के माध्यम से आम नागरिकों को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.