होम / दुर्ग-भिलाई / ज्ञानेश कुमार की चुप्पी पर अनोखा प्रदर्शन-भैंस के सामने हॉर्न बजाकर जताया विरोध, जिले के सभी ब्लॉकों में गूंजा लोकतंत्र बचाने का संकल्प
दुर्ग-भिलाई
-भारतीय लोकतंत्र के लिए “काला दिवस”, कांग्रेस का जोरदार विरोध प्रदर्शन
.jpeg)
दुर्ग। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 8 अक्टूबर को भारतीय लोकतंत्र के लिए “काला दिवस” के रूप में मनाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले के सभी 9 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा कुल 10 स्थानों पर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इन प्रदर्शनों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा, संविधान की मर्यादा बनाए रखने तथा चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की।
काला दिवस के तहत जामुल में आयोजित विरोध प्रदर्शन सबसे अनोखे और प्रतीकात्मक तरीके से किया गया। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भैंस के सामने हॉर्न बजाकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की लगातार उठ रही इस्तीफे की मांग के बावजूद बनी हुई चुप्पी पर व्यंग्यात्मक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है, बार-बार बीन बजाई जा रही है, लेकिन इसके बावजूद वे चुप्पी साधे बैठे हैं। इसी को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाने के लिए भैंस के सामने हॉर्न बजाकर यह संदेश दिया गया कि जब लोकतांत्रिक सवालों और जनता की आवाज पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आती, तो विरोध का यह अनोखा तरीका अपनाना पड़ता है।
जामुल में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनावी व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों पर मुख्य चुनाव आयुक्त को जवाब देना चाहिए। लोकतंत्र में संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की चुप्पी जनता के सवालों का जवाब नहीं हो सकती।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक के सांसद जब निर्वाचन संबंधी जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रहे थे, तब उन्हें रोका गया तथा उनके साथ बलपूर्वक व्यवहार किया गया और एफआईआर दर्ज कर दी गई। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा इंडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ दुर्व्यवहार एवं लाठीचार्ज को कांग्रेस ने लोकतांत्रिक अधिकारों पर गंभीर हमला है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर का आरोप है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता और जनता द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार केवल विपक्ष पर हमला नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक परंपराओं पर भी गंभीर प्रश्न खड़ा करता है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को जिले के समस्त ब्लॉक स्तर पर “काला दिवस” मनाते हुए व्यापक आंदोलन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के निर्देशानुसार शिवपुरी जामूल, किसान चौक जामगांव आर, बाजार चौक कुम्हारी, आत्मानंद चौक पाटन, मुरमुंदा-अहिवारा, धमधा मेन रोड बस स्टैंड, अहिवारा, भिलाई-3 चरोदा तथा उतई एवं अंजोरा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा निर्धारित समय पर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र बचाओ”, “संविधान बचाओ” सहित विभिन्न नारों के साथ केंद्र सरकार एवं निर्वाचन व्यवस्था के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने काले दिवस के प्रतीक स्वरूप काली पट्टी एवं काले वस्त्र धारण कर लोकतंत्र एवं संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने स्पष्ट कहा है कि यह आंदोलन केवल किसी एक घटना के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता और उसकी संवैधानिक निष्पक्षता को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों से जुड़ा हुआ है। कांग्रेस ने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाया जाए तथा चुनाव व्यवस्था की अखंडता एवं निष्पक्षता को पूरी तरह बहाल किया जाए। “भारत का लोकतंत्र जनता के अधिकार, संविधान और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था पर टिका हुआ है। यदि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं और विपक्ष की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जाता है, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।”
राकेश ठाकुर ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता के लिए नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और देश के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर जनता का विश्वास कायम रहना लोकतंत्र के लिए अनिवार्य है और कांग्रेस इसी विश्वास को मजबूत करने की मांग कर रही है।
इस दौरान भिलाई 3 में महापौर निर्मल कोसरे, कृष्णा चंद्राकर, सुजीत बघेल, श्रीकांत वर्मा, टनेन्द्र ठाकरे, कुमुद मढ़रिया, पारस बंछोर, जामुल में कमलेश साहू, करीम खान, प्रकाश ठाकुर, सुनीता चन्नेवार, सबीहा खान, सरोजनी चंद्राकर, रामप्यारी वर्मा, प्रवीण देवांगन, मुरमुंदा में उमेश साहू, हीरा वर्मा, हेमन्त साहू, सुमन साहू, रानी बंछोर, उषा सोनवानी, दीपक मानिकपुरी, संतोष निर्मलकर, आशीष अग्रवाल, आराधना, हेमलता, हेमन्त कुर्रे, अशोक, पंकज, धरम बर्रे, योगेश, जगदीश मारकंडे, परमेश्वर, उतई में प्रहलाद वर्मा, डीकेंद्र हिरवानी, बहादुर सिंह नेताम, द्वारिका साहू ,वीरेंद्र गोस्वामी , सुरता सिंह गढ़े , संजय गिरी गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.