होम / दुर्ग-भिलाई / सीमेंटीकरण सड़क निर्माण में गड़बड़ी पर महापौर अलका बाघमार सख्त
दुर्ग-भिलाई
-6 इंच की जगह 2.50 से 3 इंच सीसी सड़क निर्माण पर लगाई फटकार, गुणवत्ता सुधार के निर्देश
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र के गया नगर वार्ड क्रमांक 5 स्थित महर्षि स्कूल लाइन में चल रहे सीमेंटीकरण सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत पर महापौर अलका बाघमार ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों की जांच कराई। जांच के दौरान सड़क की निर्धारित 6 इंच मोटाई के बजाय करीब 2.50 से 3 इंच तक निर्माण किए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई और गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।
महापौर ने लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर, जल कार्य प्रभारी लीना दिनेश देवांगन, पार्षद रंजीता पाटिल एवं कार्यपालन अभियंता मो. सलीम सिद्दीकी के साथ निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। क्षेत्रवासियों से प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सड़क की मोटाई, निर्माण प्रक्रिया और मौके पर उपयोग की जा रही सामग्री सहित अन्य तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सड़क की मोटाई की जांच में पाया गया कि तकनीकी मापदंड के अनुसार सड़क का निर्माण 6 इंच मोटाई में किया जाना निर्धारित है, जबकि मौके पर लगभग 2.50 से 3 इंच तक ही निर्माण किया गया था। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर निर्धारित चैनल का भी समुचित निर्माण नहीं किया जा रहा था। अनियमितता सामने आने पर महापौर ने संबंधित ठेकेदार को तत्काल गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।
-गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं
महापौर अलका बाघमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य तकनीकी स्वीकृति और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही कराए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का उद्देश्य केवल कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि ऐसा मजबूत और गुणवत्तापूर्ण निर्माण करना है, जिसका लाभ लंबे समय तक आम नागरिकों को मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा तकनीकी मापदंडों के अनुरूप ही कार्य कराने के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों की अनदेखी की गई तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-जनता के पैसों का सदुपयोग जरूरी
लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर ने कहा कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों में तकनीकी गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण स्थल पर लगातार निगरानी रखी जाए और ठेकेदार से निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महापौर ने मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन सड़क को तकनीकी मापदंडों के अनुरूप मजबूत एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए तथा गुणवत्ता की जांच के बाद ही आगे का कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले विकास कार्यों का लाभ जनता को गुणवत्तापूर्ण रूप में मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान निगम के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.